डीएम ने समाधान दिवस में सुनीं शिकायतें
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के बाद पुलिस, प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी पटरी पर लौटनी लगीं हैं। शनिवार को करीब छह माह बाद थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें डीएम सेल्वा कुमारी जे ने खुद मौजूद रहकर जनसमस्याएं सुनीं। इनमें से चार शिकायतों का डीएम ने निस्तारण भी कराया।
शनिवार को करीब छह माह बाद जनपद में पहला समाधान दिवस आयोजित हुआ, जिसमें जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी ने खुद शहर के थाना सिविल लाइंस व नई मंडी कोतवाली में पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने थाना सिविल लाइंस में सात शिकायतें सुनीं। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि इनमें से तीन शिकायतों का डीएम ने अपने सामने ही निस्तारण करा दिया, जबकि चार अन्य शिकायतों में जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, नई मंडी कोतवाली में डीएम ने तीन शिकायतें सुनीं। इनमें से लेनदेन के विवाद की एक शिकायत का मौके पर निस्तारण कराया। इस दौरान उन्होंने थानों की कोविड-डेस्क का भी निरीक्षण किया और इंस्पेक्टर डीके त्यागी व योगेश शर्मा को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। यही नहीं डीएम ने शिकायतें लेकर पहुंचने वाले फरियादियों के क्षेत्र के चौकी प्रभारियों व पुलिसकर्मियों से बात कर उनसे भी जानकारी जुटाईं।