डीएम ने किया शुकतीर्थ गंगा घाट का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर, मोरना। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने तीर्थनगरी शुकतीर्थ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट, अस्थियां विसर्जन स्थल के साथ ही मुख्य मार्गों और राशन की दुकान का भी निरीक्षण कर अफसरों को दिशा-निर्देश दिए।
डीएम जे शनिवार को अधीनस्थों के साथ अचानक शुकतीर्थ पहुंचीं। उन्होंने यहां पहले सीधे गंगा घाट पहुंचकर गंगा के साथ ही वहां चल रहे निर्माण का जायजा लिया। अस्थियां विसर्जन स्थल का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा और ग्रामीणों से वार्ता की। डीएम ने गंगाघाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की कोरोना जांच की व्यवस्था किए जाने और गंगाघाट पर साफ-सफाई रखने के भी निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने शुकतीर्थ स्थित राशन डीलर की दुकान पर पहुंचकर वहां भी राशन वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अफसरों को शुुकतीर्थ गंगा घाट के मुख्य मार्ग पर हो रही जलभराव पर नाराजगी जताते हुए उसका पुनर्निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। माना जा रहा है कि कोरोना काल के दौरान पूर्वांचल में कई जनपदों में गंगा में शव मिलने की घटनाएं सामने आने के बाद डीएम शुकतीर्थ पहुंचीं। मगर अधिकारिक तौर पर इसे महज रूटीन निरीक्षण ही बताया जा रहा है। इस दौरान एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसडीएम जयेंद्र कुमार, सीओ भोपा गिरिजा शंकर त्रिपाठी, इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजपाल सैनी मौजूद रहे।