कांवड़ यात्रा के दौरान करतब दिखाते कांवड़िए।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में हाईवे पर धार्मिक स्थल के पास दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने कांवड़ियों द्वारा डीजे बजाने का विरोध करते हुए उसे बंद कराने का प्रयास किया। इसे लेकर काफी हंगामा हो गया। बाद में पुलिस एक युवक को थाने ले गई और हंगामा शांत कराया।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे हाईवे पर कांवड़िए डीजे बजाकर नाचते गाते आ रहे थे। उसी वक्त कस्बे में हाईवे पर एक धार्मिक स्थल के सामने दूसरे समुदाय के कई युवकों ने ट्रैक्टर रोककर डीजे बंद कराने का प्रयास किया। वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका कुछ और युवक आ गए। मामले को बढ़ता देख एसओ छपार को सूचना दी गई।
इसके बाद एसओ ने पुलिस जवानों के साथ पहुंचकर लाठियां फटकार हंगामा शांत कराया। एक युवक को थाने ले जाया गया। बाद में एसएसपी दीपक कुमार ने युवक से पूछताछ कर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। एहतियाती तौर पर मौके पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई।
थानाध्यक्ष प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसके चक्कर में ही कुछ देर के लिए परेशानी हो गई थी। कांवड़ मार्ग पर अब कोई परेशानी नहीं है।