किसी के बहकावे में न आएं : कमिश्नर
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडलायुक्त संजय कुमार एवं डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने नागरिकों से शांति व्यवस्था एवं सौहार्द बनाए रखने की आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी के बहकावे में न आएं और न ही किसी अफवाह पर ध्यान दें। कोई सूचना मिले तो उसकी पुष्टि अधिकारियों से कर लें।
दोनों अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मिमलाना रोड पर जिम्मेदार लोगों और आमजन के साथ एक बैंक्वट हॉल में शांति समिति की बैठक ली। कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण का माहौल है। इसको कायम रखना, हम सबकी जिम्मेदारी है। सभी लोग एक-दूसरे का सम्मान करें व भावनाओं का आदर करें। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने कहा कि आपराधिक प्रवृति के लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बीते दिनों हुए उपद्रव के जिम्मेदार हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-प्रशासन की जांच पर भरोसा रखिए। किसी भी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को तालीम दिलाई जाए, उनके हाथों में कलम पकड़वाएं। उन्हें सशस्त्र बल में भर्ती होने के लिए प्रेरित करें। इसके बाद अधिकारियों ने नगर में फ्लैग मार्च भी किया। इस अवसर पर डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी अभिषेक यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।