रुडकी रोड पर लॉकडाउन के चलते पसरा सन्नाटा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जिले की सीमाएं सील, पूरी तरह बंद हुई आवाजाही
मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना/चरथावल। कोरोना वायरस के खतरे से लोगों को बचाने के लिए जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। पड़ोसी जनपद शामली में पॉजिटिव केस मिलने के बाद से जिले में खतरा और बढ़ गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने बाहर से लोगों के जिले में आने और किसी के बाहर जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। केवल बेहद जरूरी काम की स्थिति में लोगों को आवागमन में छूट दी जाएगी।
सहारनपुर और मेरठ पहले से ही लॉकडाउन है। मंगलवार को शामली जिले में कोरोना का पॉजिटिव केस मिलने के बाद जिले में भी वायरस का खतरा मंडराने लगा है। इसे देखते हुए जनपद की सीमाओं को सील कर दिया गया है। बिजनौर, मेरठ, शामली, सहारनपुर एवं उत्तराखंड के सभी रास्तों भूराहेड़ी, लक्सर रोड, चरथावल, लालूखेड़ी, बायवाला, भंगेला, रामराज आदि पर पुलिस ने बैरियर लगाकर आवाजाही रोक दी है। बुढ़ाना में शामली की सीमा पर बैरियर लगा दिए गए हैं। मेरठ-करनाल हाईवे पर थाना फुगाना पुलिस ने वाहनों की आवाजाही रोक दी। बिजनौर में गंगा बैराज पर पाबंदी लगाई गई है। चरथावल में बिरालसी चौकी पर शामली बार्डर को सील किया गया है। चरथावल के व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुज गर्ग ने पुलिस के साथ बस स्टैंड और बाजार में व्यापारियों ने राष्ट्रहित में दुकानें बंद करने की अपील की। सिखेड़ा में भी गंगनहर पुल पर बैरियर लगा दिया गया है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जिले की सभी सीमाएं सील कर दी हैं। किसी को भी बाहर से आने की इजाजत नहीं दी जाएगी। किसी को बहुत ही जरूरत पड़ने पर आवागमन में छूट दी जाएगी।
बुढ़ाना को दो सेक्टर में बांटा
बुढ़ाना। आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर कस्बे में सभी दुकानों को बंद करा दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से कस्बे को दो सेक्टर में विभाजित किया गया है। चेयरपर्सन बाला त्यागी व अधिशासी अधिकारी ओमगिरि ने बताया कि कर्मचारियों को भी संक्रमित होने की आशंका के कारण अलग-अलग शिफ्ट में रखा गया है।