मुजफ्फरनगर। लंबे इंतजार के बाद वर्ष 2020-21 की जिला बार संघ की कार्यकारिणी के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। चुनाव अधिकारियों और एल्डर कमेटी ने इस महीने अंतिम सप्ताह में चुनाव कराने का निर्णय लिया। हर साल अप्रैल में होने वाले चुनाव इस बार कोरोना महामारी के कारण स्थगित चल रहे थे।
मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की बैठक में कार्यकारिणी के वार्षिक चुनाव कराने के कार्यक्रम की घोषणा की। 20 नवंबर को सुबह 10 से एक बजे तक नामांकन, 21 नवंबर को 10 बजे से 12 बजे तक नाम वापसी और दो से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच एवं यदि आवश्यक हुआ, तो 25 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान संपन्न होगा। 26 नवंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद प्रकाश त्यागी ने बताया कि किसी भी पद के लिए अधिवक्ता को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश का सीओपी कार्ड अथवा प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी नामांकन पत्र के साथ लगाना अनिवार्य होगा। मतदान के दौरान सीओपी कार्ड अथवा बार काउंसिल आफ इंडिया का प्रमाणपत्र दिखाना जरूरी होगा। मतदाता सीओपी कार्ड के बिना मतदान नहीं कर पाएंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद प्रकाश त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में एल्डर कमेटी के चेयरमैन अब्दुल रऊफ एडवोकेट, सदस्य सुरेंद्र शर्मा, सहायक चुनाव अधिकारियों में अधिवक्ता सोपाल सिंह, केडी त्यागी, आजम शमसी, गोपाल माहेश्वरी, राजेश शर्मा, सतेंद्र पुुंडीर और कपिल कुमार मौजूद रहे।