चरथावल कस्बे में एक युवक ने फेसबुक पर भीम सेना के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी। जिसके बाद दलित समाज में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने रात में आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। अंबेडकर मूर्ति के आसपास पुलिस बल तैनात किया है। हालांकि बाद में आरोपी युवक ने दलित बस्ती में पहुंचकर लोगों सामने खेद प्रकट किया।
एक युवक द्वारा सोशल साइट पर विवादित टिप्पणी करने पर कस्बे के कानूनगोयान मोहल्ले में दलितों में आक्रोश फैल गया था। मामले की नजाकत को भांपते हुए पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट हो गया था। कप्तान बबलू कुमार से हरी झंडी मिलते ही पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। संवेदनशील मुद्दा होने के कारण दलित बस्तियों में रात में फोर्स तैनात कर दिया था।
दरअसल, आरोपी युवक भाजपा से जुड़ा होने के कारण स्थानीय पुलिस मामले में सुलहनामा कराने के प्रयास में जुटी थी। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस बल और मौअज्जिज लोगों की मौजूदगी में विवादित पोस्ट डालने पर युवक ने दलित बस्ती में जाकर खेद जताया और बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उसके बाद मामला शांत हो गया। हालांकि अंबेडकर की मूर्ति पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस दौरान सीओ सदर शिवराज सिंह, सीओ ट्रेनिंग सुरेंद्र त्यागी, मनीष गर्ग आदि भी मौजूद रहे। उधर, ठाकुर बाहुल्य गांव रोनी हरजीपुर में रविदार मंदिर और अंबेडकर की मूर्ति होने के कारण पुलिस ने थाना प्रभारी ने गांव में बैठक लेकर परस्पर सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील की। बिरालसी चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि आला अफसरों के आदेशों के बाद रात में गांव में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सर्राफा बाजार से दो संदिग्ध दबोचे
चरथावल। कस्बा प्रभारी चंद्रसेन और सिपाही तरुण पाल से बृहस्पतिवार शाम को दो संदिग्ध युवकों को पकड़ सर्राफा बाजार में पकड़ा तो मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी तीन साल पहले भी लूटपाट के मामले में जेल जा चुके हैं।