मुजफ्फरनगर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विभिन्न पाठ्यक्रमों की अंकतालिकाओं में खामियों और परीक्षा परिणाम लंबित होने से विद्यार्थी परेशान हैं। एलएलबी, एमएड, बीए, बीएससी और बीकॉम के विद्यार्थियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विषम सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षा के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर निर्धारित होने से विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय पहुंचकर समस्याओं के समाधान और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की।
डीएवी कॉलेज के छात्र एवं छात्रसंघ के संयुक्त सचिव रह चुके अमन जैन ने बताया कि एलएलबी के सभी सेमेस्टर, एमएड के तीसरे और चौथे सेमेस्टर तथा बीए और बीएससी के प्रथम से चतुर्थ सेमेस्टर की अंकतालिकाओं में कमियां सामने आई हैं। बीकॉम के विद्यार्थियों की अंकतालिकाओं को लेकर भी समस्याएं हैं।
कुछ विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम तक रुके हुए हैं। इसके चलते उन्हें आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अंकतालिकाओं की त्रुटियां दूर कर लंबित परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने की मांग की। आवेदन के लिए पर्याप्त समय दिया जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होने से वंचित न रहे।
विश्वविद्यालय स्तर से होगा समस्याओं का समाधान
डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार त्यागी ने बताया कि कुछ विद्यार्थियों की अंकतालिकाओं को लेकर समस्याएं सामने आई हैं। पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ विद्यार्थियों को अंकतालिकाएं नहीं मिल पाई हैं। इन समस्याओं का समाधान विश्वविद्यालय स्तर से ही होना है। महाविद्यालय में प्राप्त शिकायतों को विश्वविद्यालय भेजकर उनका निराकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है।