बंद मकान में लाखों की चोरी का खुलासा
भोपा (मुजफ्फरनगर)। कस्बा निवासी के बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों कीमत के नकदी-जेवरात चोरी करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गंगनहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।
कस्बा निवासी आबिद तीन दिन पूर्व परिजनों के साथ किसी काम से कहीं बाहर गया था। देर रात में बदमाशों ने बंद मकान के ताले तोड़कर अंदर के सभी कमरे खंगाल डाले। अगले दिन घर लौटे आबिद ने चोरी की सूचना देते हुए बताया कि बदमाश घर से करीब चार लाख रुपये कीमत के नकदी-जेवरात के साथ ही अन्य सामान भी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मामले में आबिद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की थी। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को पुलिस गंगनहर पटरी मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालात में घूम रहे तीन युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने आबिद के घर में हुई चोरी का खुलासा किया। सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी कस्बा निवासी आरिफ व वसीम और मीरापुर निवासी जावेद को निवासीगण भोपा, जावेद निवासी मीरापुर हाल निवासी भोपा को रोक लिया। सीओ भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी, थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी जेवरात के साथ ही एक तमंचा और दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।