फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झमाझम बारिश से आफत और राहत

Sun, 10 Jun 2018 12:11 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर।
विज्ञापन
weather - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। जिले में हुई झमाझम बारिश आफत और राहत लेकर आई। बारिश से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। वर्षा को किसानों के लिए लाभकारी बताया जा रहा है। बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर कीचड से आम जनता को परेशानी उठानी पड़ी।  उधर, पुरकाजी में बिजली गिरने से पांच श्रमिक झुलस गए।
विज्ञापन


करीब 15 दिनों से जिले की जनता गर्मी से परेशान थी। लोगों को शनिवार को सुबह 11 बजे उस समय राहत मिली जब आकाश में काले बादल घिर आए। काले बादलों से अचानक अंधेरा छा गया और कुछ ही देर में बारिश प्रारंभ हो गई। आधा घंटे तक लगातार तेज वर्षा हुई। बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है। इस बारिश से जहां मौसम में अचानक बदलाव आया, वहीं आकाश बादल छाए रहे। बारिश को किसानों के लिए लाभकारी बताया जा रहा है। गन्ना और अन्य फसलों को बारिश का सीधा लाभ मिलेगा।

बारिश से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। इन क्षेत्रों के लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। शहर में वर्षा के बाद सड़कों पर कीचड़ बन गया। कीचड़ के कारण सड़कों से पैदल गुजरना मुश्किल हो गया। वहीं, जिले में 13.4 मिली मीटर वर्षा रिकार्ड की गई।  
विज्ञापन


नुमाइश में दुकानों में भरा पानी, दुकानदार हुए परेशान
मुजफ्फरनगर। दिन में हुई तेज बारिश के बाद नुमाइश पंडाल में जगह-जगह पानी भर गया। कुछ दुकानों में पानी भर जाने से दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नुमाइश में कुछ जगह ऐसी रही, जहां पर इतना पानी भर गया कि रास्ता बंद होने जैसी स्थिति बन गई। जिन दुकानों में पानी भरा वहां दुकानदारों ने स्वयं पानी निकालने का काम किया। बारिश के कारण नुमाइश में आने वाले लोग भी प्रभावित हुए।  

जेनरेटर पर बिजली गिरी पांच मजदूर झुलसे
पुरकाजी। शनिवार सुबह बरसात के दौरान अचानक जेनरेटर पर बिजली गिरने से पांच भट्ठा श्रमिक झुलस गए। श्रमिकों को  पुरकाजी अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते एक मजदूर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया।

घटना शनिवार सुबह करीब दस बजे गांव शकरपुर की है। तेज बारिश होने के कारण शकरपुर के लक्ष्मी ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक बरसात से बचने के लिए वहां रखे जेनरेटर के पास आकर खड़ेेेे हो गए। बरसात के दौरान तेज धमाके के साथ जेनरेटर पर बिजली गिरी।

जेनरेटर भी तेज आवाज के साथ फट गया। पास में खड़े अमित कुमार, विनोद, आवेश निवासी ग्राम कल्लनुपर,  भीम निवासी ग्राम बुच्चा बस्ती और बिहार निवासी मजदूर  पंकज घायल हो गए। भट्ठा मालिक ने एंबुलेंस से सभी को पुरकाजी अस्पताल पहुंचवाया, जहां पर गंभीर हालत के चलते अमित कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे मेरठ ले गए।

बारिश से कई मोहल्लों में जलभराव
पुरकाजी। शनिवार सुबह कस्बे और क्षेत्र में जमकर पानी बरसा। कस्बे के बाजारों सहित थाना प्रांगण, पंजाबी कालोनी, मोहल्ला हलवाईयान, दक्षिणी चमारान आदि कई गली मोहल्ले जलमग्न हो गए। मेन बाजार में करीब चार फुट पानी भर गया। पानी दुकानों के अंदर तक घुस गया, जिससे नुकसान हुआ।

कुछ दुकानदारों ने दुकानों में रखे सामान को सुरक्षित जगह पर रखकर सामान को पानी में भीगने से बचाया। व्यापारियों ने नालों की सफाई की मांग की है। इस संबंध में ईओ नगर पंचायत मनोज यादव का कहना है कि नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। बारिश के दौरान जंगलों से पानी आ जाने के चलते कस्बे में जलभराव हुआ है। ब्यूरो
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें