- विदेश में बैठे आरोपी ने कॉल कर दी धमकी, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित शारदेन स्कूल के निदेशक विश्व रतन सिंह को विदेश से जान से मारने की धमकी मिली हैं। उन्होंने देहरादून निवासी उदय प्रताप सिंह को नामजद करते हुए उसके पुत्र सहित तीन लोगों पर आरोप लगाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं। आरोप है कि नामजद आरोपी ने विदेश से पीड़ित को मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी।
खालापार थाने में खालापार क्षेत्र निवासी वादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई को एक बजकर 58 मिनट पर उन्होंने देहरादून के जोगीवाला, छिदरावाला निवासी उदय प्रताप सिंह को मोबाइल पर संदेश भेजा था, जिसमें उन्होंने उससे अपने बकाया रुपये मांगे थे। आरोप है कि संदेश भेजने के तीन मिनट बाद ही उदय प्रताप सिंह का विदेश से मोबाइल पर कॉल आई।
आरोप है कि उसने रुपये मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कहा, कि कहीं नहीं छोड़ूंगा। रिपोर्ट में यह भी लिखाया गया कि इससे पहले 11 जून को उदय प्रताप सिंह का पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह अपने चार साथियों के साथ उनके घर आया था। उस दौरान भी उन्हें धमकाया गया था। धमकी दी थी कि यदि रुपये मांगे तो अंजाम बुरा होगा।
वादी ने आरोपी उदय प्रताप सिंह उसके पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह और उनके साझेदार विशाल वर्मा से जान माल का खतरा जताया। तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी बबलू सिंह का कहना है कि मामला मसूरी में जमीन की खरीद फरोख्त के लेनदेन से जुड़ा है।
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही हैं। मामला लेनदेन से जुड़ा है। जांच कर कार्रवाई कार्रवाई की जाएगी।