डीआईजी ने किया पुलिस ऑफिस का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने शनिवार को पुलिस ऑफिस का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने पुलिस ऑफिस के सभी विभागों में पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। इस दौरान डीआईजी ने न्यायालयों में अभियोजन विभाग द्वारा की जा रही जोरदार पैरवी को लेकर विभागीय कर्मचारियों की हौसला अफजाई करते हुए इसे उत्कृष्ट कार्रवाई बताया। इस दौरान एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गी, एसपी क्राइम दुर्गेश कुमार सिंह समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
तीन तलाक देने के आरोपी को जेल भेजा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी रूबीना ने तीन फरवरी को गांव रथेड़ी निवासी शौहर फरमान पर करीब नौ माह पूर्व मारपीट कर घर से निकालने और फिर मायके में आकर तीन तलाक देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी फरमान समेत अन्य ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मामले में पुलिस ने शुक्रवार रात तीन तलाक देने के आरोपी शौहर फरमान को गिरफ्तार कर लिया, जिसे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।