भगत सिंह रोड पर फल की खरीददारी करते लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
डीजल ने बढ़ाई सब्जियों पर महंगाई
मुजफ्फरनगर। बढ़ रहे डीजल, पेट्रोल के दामों का असर बाजार में भी नजर आने लगा है। सब्जियों की ढुलाई लागत बढ़ जाने से उनके दाम भी बढ़ गए हैं। स्थानीय सब्जियों को छोड़ दें तो बाहर से आपूर्ति हो रही सब्जियां महंगी हो गईं हैं। टमाटर के दामों में ही पिछले कुछ दिनों में करीब 20 रुपये किलो का इजाफा हुआ है।
कई दिन से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। इससे ढुलाई भाड़ा भी बढ़ा है। इसका सीधा असर सब्जी और फल बाजार पर नजर आने लगा है। बाहर से आपूर्ति होने वाली सब्जियों के दाम 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। नगर की सब्जी मंडी के विक्रेता नरेश कुमार बताते हैं कि कुछ दिन से सब्जियों के रेट बढ़ रहे हैं। कुछ सब्जियां अभी स्थानीय आ रही हैं। बड़ी मंडियों से आने वाली सब्जियों के दामों में इजाफा हुआ है। सब्जी विक्रेता अमित बताते हैं कि टमाटर 20 से बढ़कर 40 रुपये किलो हो गया है। शिमला मिर्च 40 से बढ़कर 60, मूली 10 से बढ़कर 30 रुपये, ग्वार फली 40 से बढ़कर 60, फ्रांस बींस 20 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है। आलू भी 120 रुपये धड़ी और प्याज 20 रुपये किलो बिक रही है। हरी मटर के दाम दोगुने हो गए हैं। करीब दस दिन पहले 60 रुपये किलो थी जो अब 120 रुपये हो गई है।
सब्जियों के दाम...
सब्जी दाम प्रति किलो
टमाटर 40
प्याज 20
शिमला मिर्च 50
अरबी 40
गाजर 40
बींस 60
करेला 20
लौकी 20
भिंड़ी 20
तौरी 20
बैंगन 20
हरी मिर्च 30
कटहल 40
परवल 40
250 रुपये किलो बिक रहा गुजरात का आम
मुजफ्फरनगर। इन दिनों बाजार में आम की भरमार है। स्थानीय आम 20 से 40 रुपये किलो तक बिक रहा है जबकि बाहर से आने वाला आम महंगा है। फल विक्रेता अब्दुल नजीर बताते हैं कि गुजरात से आने वाला आम 250 रुपये किलो है, जबकि लखनऊ का दशहरी 150 रुपये किलो बिक रहा है। सेब के दाम बढ़े हैं। 140 से 250 रुपये किलो तक हो गया है। तरबूज भी 10 रुपये से बढ़कर 30 रुपये पर पहुंच गया है। अनार और लीची 100 से 150 रुपये किलो तक बिक रहे हैं, जबकि कीवी 30 से 50 रुपये प्रति पीस एवं केले 50 रुपये दर्जन हैं। वह बताते हैं कि डीजल के दाम बढ़ऩे से परिवहन महंगा हो गया है। अभी दाम और बढ़ने की आशंका है।