देवबंद में खिचड़ी उत्सव में ठाकुरजी के भजन सुनते श्रद्धालु
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। श्री राधा वल्लभ मंदिर में श्री राधा नवरंगी लाल का खिचड़ी उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन ठाकुर जी को मंगला आरती से पूर्व मेवायुक्त देशी घी से बनी नमकीन व मीठी खिचड़ी का भोग लगाया जाता है।
मंदिर के सेवाधिकारी नवनीत लाल गोस्वामी ने बताया कि रविवार को ठाकुर जी की भोग सेवा अनुज गर्ग, अंकुज गर्ग, अतुल गर्ग, मा. रामशरण गर्ग व दीपक टंडन की ओर से की गई। इसके बाद शृंगार आरती तथा ठाकुर जी का विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिसमें ठाकुर जी और राधा रानी का गठबंधन कर सेहरा धारण कराया गया। उत्सव में विवाह के पद का गायन किया गया। खेलत रास दुलहिनि दुलहू, तथा लाडो जी थारो अविचल रहो जी सुहाग एवं सखियन के उर ऐसी आयी ब्याह विनोद रचे सुखदायी गाकर विवाह उत्सव मनाया। जिसमें श्रद्धालु ठाकुर जी के भजनों पर झूम उठे। इस मौके पर निवर्तमान विधायक बृजेश सिंह, लालजी गोस्वामी, प्रियांशु गोस्वामी, नीरज गोस्वामी, हितेश गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी, निकुंज गोस्वामी, विपिन गर्ग व अरुण गुुप्ता आदि रहे।