सिसौली ( मुजफ्फरनगर)। किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को उनकी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने विरासत बचाने की बात कही। उन्होंने चीनी आयात करने पर केंद्र पर निशाना साधा। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा, सांसद डॉ संजीव बालियान, विधायक उमेश मलिक ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के सच्चे हमदर्द थे, जिन्होंने हमेशा किसानों के लिए संघर्ष किया।
चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की सातवीं पुण्यतिथि पर किसान भवन में सुबह यज्ञ हुआ। काफी संख्या में किसानों और नेताओं ने आहुति डाली। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा भी यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने महेंद्र सिंह टिकैत को किसानों का सच्चा मसीहा बताया।
यज्ञ के बाद जल संरक्षण पर आयोजित गोष्ठी के कार्यक्रम में पहुंचे रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने कहा कि चौधरी चरणसिंह और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने पूरी जिंदगी किसानों के लिए संघर्ष किया। किसानों को एकजुट किया। इन दोनों की विरासत को बचाने के लिए किसानों को एकजुट होना होगा नहीं तो समाप्त हो जाओगे। उन्होंने कहा कि आज किसान की हालत खराब है। किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पा रहा हैं।
पूर्व केंद्री
य राज्य मंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान ने कहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों को आवाज दी। पूरे देश के किसानों के हित में अनेक आंदोलन किये। चौधरी चरण सिंह के पश्चात किसानों के हक की लड़ाई लड़ने वाले वे एकमात्र किसान नेता थे। क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के सच्चे नेता थे। रालोद के प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा ने कहा कि आज किसान पिस रहा है, यदि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत आज होते तो किसानों की ऐसी बुरी हालत नहीं होती।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह गुर्जर, सपा एमएलसी संजय लाठर, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, कैराना लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह, पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत, सुनील रोहटा, सपा नेता प्रमोद त्यागी एडवोकेट, मुकेश चौधरी, राकेश शर्मा, लियाकत प्रधान, राजेंद्र पंवार एडवोकेट, विधायक नाहिद हसन आदि ने भी चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में देश खाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह, बत्तीसा खाप के चौधरी सूरजमल सिंह, लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र सिंह ,अहलावत खाप के चौधरी गजेंद्र सिंह, देशवाल खाप के चौधरी शरण वीर सिंह ,सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान ,धीरज लाटियान आदि रहे। संचालन धर्मेंद्र मालिक एवं ओमपाल मालिक ने किया।
हम अराजनैतिक हैं : टिकैत
मुजफ्फरनगर। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन है। चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत सभी के नेता थे, उन्हें सभी जातियों और धर्म के किसानों के हित में कार्य किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के सिसौली आगमन के सवाल पर कहा कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन है, कैराना लोकसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। किसान एवं भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ता वोट डालने के लिए स्वतंत्र हैं, गन्ने की समस्याओं के बारे में कहा कि गन्ने की पैदावार बढ़ी है।