मुजफ्फरनगर। वक्फ संपत्तियों का ब्योरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक मुतवल्ली वक्फ संपत्तियों का ब्याैरा पोर्टल पर अपलोड करने में जुटे रहे। देर रात तक जनपद में पंजीकृत 2809 में से 2119 संपत्तियां पोर्टल पर अपलोड हो सकी। शुक्रवार को अपलोडिंग के लिए 24 घंटे का समय बढ़ा दिया गया, जिससे वक्फ मुतवल्लियों ने राहत की सांस ली।
वक्फ संशोधन कानून के बाद जिले की सभी वक्फ संपत्तियों का डिजिटल विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। यह प्रक्रिया छह जून से जारी है। अपलोडिंग का काम पांच दिसंबर तक किया जाना था। शुरुआत में यह प्रक्रिया बिल्कुल धीमी थी। अंतिम तिथि आते-आते मुतवल्लियों ने अपने-अपने क्षेत्र की वक्फ संपत्तियों का ब्याैरा अपलोड कराने में तेजी दिखाई।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तौगी ने बताया कि जनपद में धारा-37 के तहत सुन्नी वक्फ में 2130 संपत्तियां पंजीकृत हैं। जिनमें से 1785 एवं शिया वक्फ में दर्ज 679 में से 334 का ब्याैरा उम्मीद पोर्टल पर अपलोड हो चुका है। उन्होंने बताया कि अपलोडिंग का कार्य शनिवार को भी जारी रहेगा।
वक्फ नवाब अजमत अली की 700 संपत्तियां अपलोड : जनपद के सबसे बड़े वक्फ नवाब अजमत अली खां के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद अमीर आलम खां ने बताया कि अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में संचालित वक्फ विभाग में 700 संपत्तियां पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि सभी संपत्तियों का ब्याैरा उम्मीद पोर्टल पर अपलोड करा दिया गया है।