जलनिकासी की व्यवस्था कराने के लिए प्रदर्शन
खतौली। गांव जीवना के ग्रामीणों ने जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया । ग्रामीणों ने एक शिकायती पत्र डीएम सेल्वा कुमारी जे को सौंपा। इस पर डीएम ने जल्द ही समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र शर्मा के नेतृत्व में गांव जीवना के ग्रामीण तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। ग्रामीणों ने जलनिकासी की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि जलनिकासी नहीं होने से गांव में जलभराव हो गया है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी एक किसान ने पानी निकासी का मार्ग रोक दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि किसान के पास कोर्ट के आदेश हैं। किसान के खेत से पानी होकर जाता था, इसलिए किसान ने वहां पर दीवार लगा दी। नतीजतन गांव में जलभराव हो गया है। पानी ग्रामीणों के घरों तक पहुंच गया है, जिससे मकानों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर कर्मचारियों को गांव में पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। डीएम ने एक टीम तहसील से गांव भेजी। प्रदर्शनकारियों में ओमवीर, राजपाल, परमानंद, सुशील, मनोज, राजवीर, जोगेंद्र, रामफल, सत्तू, राकेश, जयकुमार, महिपाल, राजेंद्र, हरेंद्र, गोविंद, निखिल, सत्य प्रकाश, प्रमोद, शिव कुमार, मणिकांत आदि ग्रामीण शामिल रहे। उधर, गांव अंबरपुर के ग्रामीणों ने भी पानी निकासी की समस्या को लेकर एक शिकायती पत्र समाधान दिवस में दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पानी की निकासी नहीं होने से गांव में जलभराव हो गया है। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देने वालों में संदीप, काला, अनिल कुमार, नॉटी, काले सिंह, सागवा सिंह, कृष्णानंद, मदन पाल, टिंकू और चंद्रबल आदि शामिल रहे।