विद्युत निगम के अफसरों से खफा किसानों का धरना-प्रदर्शन
चरथावल। बिरालसी क्षेत्र में विद्युत निगम के अधिकारियों से तंग आकर बिजलीघर पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने विभिन्न खामियों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन चौकी प्रभारी दीपक कुमार को सौंपा।
राष्ट्रीय स्वाभिमान संगठन के नेतृत्व में ज्ञापन में किसानों ने विद्युत निगम के खिलाफ धरना दिया। वक्ताओं ने बिना वजह बढ़े हुए बिजली बिल पर रोकथाम, खराब विद्युत मीटरों को ठीक कराने और बिरालसी में आबादी के बीच 11 हजार की लाइन हटवाने की मांग की। किसानों ने रोनी हरजीपुर फीडर से न्यामू तक जंगल की जर्जर लाइन ठीक कराने का मुद्दा उठाया। किसानों पर अनावश्यक बिजली बिल भेजने पर आक्रोश जताया गया। मारुखेड़ी के किसान ओंकार ने जोड़ा शिफ्ट नहीं होने से फसल सूखने का आरोप लगाया। किसान नेता अमरीश राणा ने कहा कि निगम से उनकी समस्याएं जल्द हल नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर ठाकुर कृष्णपाल सिंह, अनिल कुमार, सतीश कुमार, रामबीर सिंह, अरविंद राणा, शेरपाल सिंह, योगेश, मास्टर मूलचंद, कवींद्रपाल, रामकुमार सिंह और प्रवीण राणा आदि मौजूद रहे।