खतौली। नगर के मोहल्ला मिटठूलाल निवासी विनय जैन उर्फ किक्की पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने थाने का घेराव किया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। पांच दिसबंर तक गिरफ्तारी न होने पर बाजार बंद कराने की चेतावनी दी। व्यापारियों ने सीओ के नाम प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया।
शनिवार को नगर पालिकाध्यक्ष शाहनवाज अली के साथ सर्व समाज के व्यापारी थाने पहुंचे। व्यापारियों ने विनय जैन उर्फ किक्की के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरु कर दी। व्यापारियों ने सीओ के नाम दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि किक्की जैन और उनके परिवार के लोग आम नागरिकों को परेशान कर अवैध वसूली करने का काम करते है। वह फर्जी इंस्पेक्टर, जीएसटी अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा अधिकारी बनकर बात करता है।
झूठी कार्रवाई की धमकी देकर रंगदारी वसूलता है। इस कारण मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान होकर कई परिवार नगर से पलायन कर चुके हैं। कुछ परिवार पलायन की तैयारी में हैं।
व्यापारियों ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने, उसके तथा परिवार के लोगों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई करने, संपत्ति तथा मोबाइल नंबर की जांच करने की मांग की गई।
व्यापारियों ने बताया कि किक्की जैन के खिलाफ शपथ पत्र के साथ साक्ष्य भी दिए गए हैं। इनको विवेचना का हिस्सा बनाने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में अमित जैन, जितेंद्र, तासीर हसन, उमेश कुमार, अंशुल जैन, पंकज कुमार, सुबोध कुमार, सुधीर जैन, राजीव जैन, नीरज अग्रवाल, समेत बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।