शामली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने कहा कि दिल्ली- देहरादून हाईवे को फरवरी माह में चालू कर दिया जाएगा। जिसकी तैयारी पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बुधवार को हाइवे के निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद ये बात कही। उन्होंने कहा कि भाज्जू कट के संबंध में निर्णय जिलाधिकारी लेंगे।
प्राधिकरण के चेयरमैन ने बुधवार दोपहर को तकनीकी टीम के साथ हाइवे पर बागपत से लेकर शामली जिले में बुटराडा तक दौरा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून हाईवे को 26 जनवरी 2025 तक चालू करना था, लेकिन बागपत जिले में कार्य अधूरा होने के कारण अब इसे फरवरी माह तक चालू कर दिया जाएगा। भाज्जू कट के बाद बुटराडा का निरीक्षण कर चेयरमैन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। चेयरमैन ने एनएचएआई के अंतर्गत चल रहे अन्य कार्यों को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिल्ली देहरादून के फेस दो की निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को एक्सप्रेसवे पर पौधरोपण करने के लिए निर्देशित किया। चेयरमैन के साथ एनएच के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद शफी बागपत के परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार सिंह, डीएम बागपत जितेंद्र प्रताप सिंह, डीएम शामली अरविंद चौहान, एसपी रामसेवक गौतम मौजूद रहे।
एनएच के चेयरमैन भाज्जू कट पर चल रहे ग्रामीणों के धरना स्थल के पास दो मिनट के लिए रुके। शामली के डीएम और एसपी को अपनी गाडी में बैठाकर बुटराडा की ओर रवाना हो गए। धरना स्थल पर किसानों से बात नही की। जिस पर किसानों ने रोष जताया। किसान बोबी कुमार, मनोज काकहना था कि चेयरमैन को किसानों से भी मिलना चाहिए था।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भाज्जू कट की मांग को लेकर किसान पिछले कई माह से धरना दे रहे हैं, लेकिन उनकी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। बुधवार को भी मांग को लेकर किसानों का धरना जारी रहा। किसानों ने कहा कि चेयरमैन ने डीएम के पाले में गेंद डाल दी है। जल्द ही वे मामले को लेकर डीएम से मिलेंगे। हर हाल में कट लेकर ही रहेंगे।