जानसठ-खतौली मार्ग पर रविवार की रात शादी समारोह से लौटते समय कार व ट्रैक्टर ट्रॉली की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे कार सवार होमगार्ड सहित छह लोग घायल हो गए। मेरठ हास्पिटल में उपचार के दौरान होमगार्ड चाचा व भतीजे की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव खेड़ा चौंगावा निवासी लोकेंद्र गुर्जर (40) पुत्र धनपाल होमगार्ड था, जो फिलहाल थाना सिखेड़ा में तैनात था। होमगार्ड लोकेंद्र गुर्जर के भतीजे धर्मेंद्र की बरात रविवार को खतौली के गांव तुलसीपुर में गई थी।
लोकेंद्र भी कार द्वारा अपने परिवार के सदस्यों के साथ बरात में गया था। रविवार की शाम को बरात विदा होने के बाद लोकेंद्र अपने परिवार के सदस्यों के साथ कार द्वारा गांव लौट रहा था। रात में घर लौटते समय जानसठ-खतौली मार्ग पर भलवा पुलिस चौकी से आगे निकलते ही लोकेंद्र की कार आगे जा रही खाली ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी लगी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर भी खाई में जा गिरा। वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला।
हादसे में कार सवार लोकेंद्र उसका 13 वर्षीय पुत्र शिवांग, भाई मोनू, भाई मोनू का पुत्र (7) वर्षीय पुत्र गुडडू व चार वर्षीय पुत्री अभी, विनीत पुत्र रामबल, सोनू पुत्र कालूराम घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से उन्हें गंभीर अवस्था में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। मेरठ के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान होमगार्ड लोकेंद्र व उसके भतीजे 7 वर्षीय गुडडू की उपचार के दौरान मौत हो गई। चाचा भतीजे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
हास्पिटल में मृतक लोकेंद्र के पुत्र शिवांग व विनीत की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। हादसे में ट्रैक्टर चालक कुंदू पुत्र भुंडिया भी घायल हो गया था। चालक को भी गंभीर हालत में बेगराजपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। सोमवार दोपहर दो बजे करीब परिजनों व ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सात वर्षीय गुड्डू घर का चिराग था। वह जानसठ के आदर्श पब्लिक स्कूल में कक्षा नर्सरी का छात्र था। मृतक गुड्डू की छोटी बहन चार वर्षीय अभी बहन है, वह भी हादसे में घायल हुई है। घर का इकलौता चिराग बुझने से परिवार में कोहराम बचा हुआ है। गांव में भी शोक व्याप्त है।
हादसे में वृद्धा की मौत, दंपती समेत तीन घायल
छपार (मुजफ्फरनगर)। रोहाना मार्ग पर सोमवार सुबह दो कारों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में कार सवार उत्तराखंड के कनखल निवासी वृद्ध महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला के बेटी-दामाद व एक नाती भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया है।
उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के लक्सर थाना क्षेत्र के गांव मथाना निवासी विकास शर्मा रविवार देर रात पत्नी प्रीति, नौ साल के बेटे आदित्य व सास कुसुम शर्मा पत्नी मोहनलाल शर्मा निवासी गांव जगदीशपुर, थाना कनखल हरिद्वार के साथ डिजायर कार से रिश्तेदारी में थानाभवन जा रहे थे।
जैसे ही वे छपार-रोहाना मार्ग स्थित गांव खामपुर के निकट पहुंचे, अचानक सामने से आती तेज रफ्तार कार ने उनकी स्विफ्ट में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में विकास के साथ ही कार में सवार उसके परिवार के सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें क्षतिग्रस्त कार से निकालकर छपार हाईवे स्थित एक नर्सिंग होम में ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान वृद्धा कुसुम की मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों घायलों को गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार देकर मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने वृद्धा के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।