शुक्रवार की रात हुआ था लापता, परिजनों ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट
एसपी सिटी ने मौके पर पहुंच कर ली जानकारी, बालक के पायजामे से ही घोंटा गया गला
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बचन सिंह कॉलोनी से लापता सात वर्षीय बालक का शव ईख के खेत में पड़ा मिला। बालक की हत्या उसी के पायजामे के एक हिस्से का फंदा लगाकर की गई थी। एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा हैं।
बचन सिंह काॅलोनी की गली नंबर छह निवासी दीपक कुमार फ्लेक्सी लगाकर परिवार का पालन पोषण करता है।उसका सात वर्षीय बेटा रौनक शुक्रवार की रात सात बजे घर से खेलने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। नई मंडी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही बालक के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। शनिवार की दोपहर बालक का शव ईख के खेत में पड़ा मिला।
एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय, सीओ मंडी हिमांशु गौरव मौके पर पहुंचे। परिजन भी पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिजनों में शोक छा गया। एसपी सिटी ने बताया कि बालक के पायजामे के एक हिस्से से ही गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। उसके अपहरण का मुकदमा शुक्रवार रात से नई मंडी कोतवाली में दर्ज हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
कुकर्म की आशंका
बालक की हत्या गला घोंट कर की गई है। मगर, आशंका जताई जा रही कि हत्यारे ने बालक के साथ कुकर्म किया है और पहचान उजागर होने के डर से उसकी हत्या कर दी।
कक्षा एक का छात्र था रौनक
बालक रौनक एवर ग्रीन स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। पूरे मोहल्ले के लोग उसे प्यार करते थे। उसकी हत्या की खबर से मोहल्ले में शोक का माहौल है।
सीसीटीवी में एक किशोर के साथ दिखा बालक
क्षेत्र में लगे एक सीसीटीवी में बालक एक किशोर के साथ दिखाई दे रहा हैं। यह बालक न तो उनकी गली का है और न ही क्षेत्र में कभी देखा गया हैं। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।
हाल ही में मनाया सातवां जन्मदिन
बालक रौनक का एक बड़ा भाई है। रौनक 15 दिन पहले ही सात साल का हुआ था। परिजनों ने धूमधाम से उसका जन्म दिन मनाया था।
पुलिस ने एक संदिग्ध दबोचा
पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को दबोचा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस को घटना स्थल से एक सिरिंज भी मिली है। उधर, जिला पंचायत सदस्य श्रीभगवान शर्मा और पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र शर्मा आदि ने कोतवाली पहुंच कर इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।