खांजापुर के जंगल में मिली युवक की लाश
मुजफ्फरनगर। शहर के बुढ़ाना मोड़ स्थित गांव खांजापुर के जंगल में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर, चेहरे व कान पर चोट के निशान है, जिससे उसकी हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने से उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाना मोड़ स्थित गांव खांजापुर के जंगल में बृहस्पतिवार को करीब 45 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे से मिला। क्षेत्र में बदबू आने से ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद शव बरामद किया गया। शव के चेहरे, कान व सिर में चोट के निशान होने से उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शव करीब चार दिन पुराना है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
इंस्पेक्टर योगेश शर्मा का कहना है कि शव करीब 45 वर्षीय युवक का है, जिसकी मौत तीन-चार दिन पूर्व ही हो चुकी है। शव के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान आए हैं। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है और शव की पहचान होने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।