तितावी के गांव अमीरनगर के गेहूं व्यापारी से लूट की घटना की जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गेहूं व्यापारी से दिनदहाड़े लूट, दहशत
तितावी (मुजफ्फरनगर)। अमीरनगर रोड पर सोमवार सुबह गेहूं व्यापारी से चार बदमाशों ने 28 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने लिफ्ट लेने का झांसा देकर व्यापारी को रुकवाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव अमीरनगर निवासी सोनित गेहूं व्यापारी है और क्षेत्र के ग्रामीणों से गेहूं खरीदकर आगे मार्केट में बेचता है। सोमवार सुबह सोनित गेहूं खरीदने के लिए बाइक से गांव धनसैनी में गेहूं खरीदने गया था। दोपहर करीब 12 बजे वहां से लौटते हुए जब वह अमीरनगर-तितावी मार्ग पर नहर के पास पहुंचा तो काले रंग के अंगोछे से चेहरा छिपाए खड़े व्यक्ति ने उसे लिफ्ट मांगने के बहाने से रोक लिया। आरोप है कि बाइक रुकते ही थोड़ी दूर बाइक पर खड़े तीन युवक वहां पहुंचे, जिसके बाद लिफ्ट मांगने वाले व्यक्ति ने सोनित के हाथ पीछे से पकड़ लिए। अन्य तीनों ने तमंचे निकालकर सोनित पर तानते हुए उसकी जेब से 28 हजार की नकदी लूट ली और मोबाइल भी जेब से निकाल लिया। आरोप है कि मोबाइल की बैटरी निकालकर सभी बदमाश सोनित की बाइक की चाबी पास के खेत में फेंक दी और अपनी बाइक से अमीरनगर की तरफ फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी ने एक ग्रामीण के मोबाइल से डायल-112 पर घटना की सूचना दी, जिस पर एसओ कपिलदेव मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लुटेरों की तलाश की गई, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, एसओ कपिलदेव के अनुसार घटना फर्जी लग रहा है। एसओ का कहना है कि लुटेरों ने व्यापारी से केवल 28 हजार रुपये ही लूटे और चार बदमाश होने के बावजूद एक ही बाइक से भागे, जबकि व्यापारी की करीब डेढ़ लाख की बाइक छोड़ गए।