अमीरनगर पुल पर राहगीरों से दिनदहाड़े लूटपाट
तितावी। क्षेत्र की मुकुंदपुर नहर पटरी पर अमीरनगर पुल के पास बदमाशों ने राहगीरों के साथ लूटपाट की। विरोध करने पर लाठी, डंडों से हमला कर राहगीरों को घायल कर दिया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
बुढ़ाना क्षेत्र के जौला गांव निवासी शौकत अपने परिचितों से मिलने चरथावल थाना क्षेत्र के कुल्हेड़ी गांव गया था। सोमवार को वह बाइक पर सवार होकर घर के लिए चला था। मुकुंदपुर नहर पटरी पर अमीरनगर पुलिया के पास तीन बदमाशों ने शौकत को रोक लिया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। बदमाशों ने शौकत से 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।
कुछ देर बाद ही मार्ग से भौराकलां थाना क्षेत्र के सावटू गांव निवासी आरिफ अपनी पत्नी मोहसिना के साथ बाइक पर सवार होकर गुजरा। अमीरनगर पुलिया के पास पहुंचते ही बदमाशों ने दंपती को रोक लिया। दंपती से आठ हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। संवाद