डीएवी इंटर कॉलेज में हुई हॉकी प्रतियोगिता को इसी कॉलेज की टीम ने जीता। उसने चरथावल की टीम को हराया। जबकि सीनियर वर्ग का मैच चरथावल की टीम ने जीता। डीएवी इंटर कॉलेज में हॉकी प्रतियोगिता कराई गई। प्रधानाचार्य शिव कुमार यादव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में डीएवी इंटर कॉलेज और जय हिंद इंटर कॉलेज चरथावल की टीम शामिल हुई। दोनों कॉलेजों की सीनियर और जूनियर वर्ग की टीमों के बीच मैच खेले गए। जूनियर टीम के मैच में डीएवी इंटर कॉलेज की टीम ने 3-2 से जीत हासिल की, जबकि सीनियर मैच में जय हिंद इंटर कॉलेज चरथावल की टीम ने 2-1 के अंतर से जीत हासिल की। सत्यकाम तोमर के निर्देशन में कराई गई हॉकी प्रतियोगिता में निर्णायक विनय कुमार, इच्छाराम, राहुल कुशवाह, अक्षय कुमार रहे।
डीएवी ने हैंडबॉल प्रतियोगिता जीती
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में बालक वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में तीन कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। डीएवी इंटर कॉलेज की टीम प्रथम स्थान पर रही। राजकीय इंटर कॉलेज की टीम दूसरे और एमडी इंटर कॉलेज दूधली की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रधानाचार्य अनूप सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
गोयला ने दिल्ली को हराया
कुटबा में आयोजित तीन दिवसीय रघुवंशी वालीबाल टूर्नामेंट में गोयला की टीम ने दिल्ली की टीम को हरा कर ट्राफी कब्जाई। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने विजेता, उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। टूर्नामेंट के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले में सोनू क्लब गोयला, दिल्ली की बवाना क्लब की टीमों के बीच मुकाबला हुआ।
गोयला की टीम ने तीन राउंडों में 25-24, 25-22, 25-21 के अंतर से दिल्ली की टीम को हराया। टूर्नामेंट में जानसठ, हरसौली, खेड़ी, सिसौली, दाहा, मुकुंदपुर, कुटबी, कुटबा आदि की टीमों ने भाग लिया। बवाना की टीम के ऋषभ को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस दौरान अशोक, अरुण चौधरी, देवेंद्र, बबलू, डॉ. संजय, रणवीर, तेजपाल, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।