मुजफ्फरनगर। शहर के दक्षिणी खालापार में बाइक स्टंटबाजी का विरोध करने पर हमलावरों ने डेयरी संचालक अफसार (24) की सीने में छुरी घोंपकर हत्या कर दी गई। हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। सपा नेता पालिका के वार्ड 53 के सभासद अन्नू कुरैशी समेत तीन आरोपियों को नामजद किया गया है।
थाना खालापार के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी मोहम्मद जुनैद ने तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब 12:10 बजे उसका चचेरा भाई अफसार अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा हुआ था। पड़ोस का साहिल गली में तेज गति से बाइक दौड़ाते हुए स्टंट करने लगा। स्टंट करने से मना करने पर आरोपी साहिल अपने चाचा सभासद अन्नू और फिरदौसनगर निवासी आवेज के साथ मौके पर पहुंचा। इस दौरान अफसार के सीने में छुरी से वार कर आरोपी फरार हो गए। परिजन घायल को जिला अस्पताल ले जाया गए, जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर किया गया। रास्ते में पीड़ित की मौत हो गई। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि हत्या की धाराओं में तीन आरोपियों के विरुद्ध मुुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।