मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने भाषण का फोकस जिले के उद्योगों पर रखा। जिले में निपटते उद्योगों को बचाने के लिए उन्होंने अलग से नीति बनाने की बात करते हुए सस्ती बिजली और जमीन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंजे के साथ आने से साइकिल की रफ्तार तेज हो गई है। यह भी कहा कि दोस्ती में हमने कांग्रेस को अधिक सीट देकर बड़ा दिल दिखाया है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहर के व्यापारियों पर अपना भाषण केंद्रित रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटबंदी से व्यापारी को बर्बाद किया गया है। मुजफ्फरनगर में उद्योगों की खस्ता हालत पर मुख्यमंत्री ने अलग से नीति बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह अन्य स्थानों पर रियायतें दी गईं, उसी तरह यहां भी व्यापारियों को सुविधा दी जाएगी। सस्ती बिजली, जमीन उपलब्ध कराएंगे। उद्योगों को हरसंभव मदद देेंगे।
पुलिस में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए 100 नंबर का प्रयोग किया जाएगा। सरकार बनी तो यह कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि अब वह टेढ़े-मेढ़े रास्तों पर चलकर सब कुछ सीख गए हैं। बेहतर सरकार देंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन को जरूरी बताते हुए कहा कि दोबारा सरकार को लेकर जो कन्फ्यूजन था, वह दूर हो गया है। पंजे ने प्रदेश में साइकिल की रफ्तार बढ़ा दी है।
कांग्रेस को सीटों को लेकर उन्होंने कहा कि जब दिल बड़ा होगा तो दोस्ती चलेगी। सपा बड़े दिल का परिचय दिया है। जीवन में कभी भी कंजूस साथी नहीं रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सपा के घोषणा पत्र की मुख्य बातें भी जनता के सामने रखी। सभी गरीब परिवारों को प्रेशर कूकर देने, पेंशन 500 की जगह 1000 करने, युवाओं को स्मार्ट फोन देने आदि बातें रखी।