जवान की मौत के बाद माैके पर मौजूद भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बुढ़ाना के डूंगर गांव से बुढ़ाना आ रहे जवान की बाइक बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर कैंटर से टकरा गई। इस हादसे में जवान की मौके पर मौत हो गई। कैंटर का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
थाना फुगाना क्षेत्र के गांव डूंगर के रहने वाले चंद्रपाल का बेटा रूपेंद्र (29) सीआरपीएफ का जवान था, उसकी नोएडा में तैनाती थी। वह छुट्टी लेकर अपने गांव डूंगर आया हुआ था। बृहस्पतिवार को वह घर से बाइक पर बुढ़ाना जा रहा था। बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर जोगियाखेड़ा भट्ठे के पास बृहस्पतिवार शाम करीब साढे़ चार बजे बाइक की कैंटर से टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर डीके त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जवान के परिवार वाले और ग्रामीण भी घटनास्थल की ओर दौड़ पडे़।
मृतक की माता बाला देवी, पिता चंद्रपाल का रोते हुए बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने दोनों को बमुश्किल संभाला। इंसपेक्टर ने परिजनों और गांव वालों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अपील की। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने गांव वालों की एसएसपी से वार्ता करवाई। उच्चाधिकारियों और गांव डूंगर निवासी विधायक उमेश मलिक से वार्ता के बाद परिवार वालों ने शव उठाने दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से डूंगर गांव में शोक छाया है।