मुजफ्फरनगर। जिले के 98492 किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि रुक सकती है। इन किसानों ने 30 जून तक ई केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं कराई तो इन्हें 12वीं किश्त नहीं मिल पाएगी। इसके लिए अब कृषि विभाग ने विभागीय अधिकारियाें और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
केंद्र सरकार किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों को एक वर्ष में दो-दो हजार की तीन किश्तों में छह हजार रुपये वार्षिक दे रही है। जिले में किसान सम्मान निधि में दो लाख 34 हजार 396 किसान पंजीकृत है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा किसानों के खातों को अपडेट किया जा रहा है। ई केवाईसी की प्रक्रिया बीते कई माह से चल रही है। जिले में अभी तक केवल एक लाख 35 हजार 904 किसान ही ईकेवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा पाए हैं। जनपद में 98492 किसान बाकी है, जिनकी ईकेवाईसी होनी है। जिले के किसानों को अब तक सरकार दो-दो हजार की 11 किश्त जारी कर चुकी है।
प्रदेश के मुख्य सचिव ने प्रशासनिक और कृषि विभाग के अफसरों को जानकारी दी है कि जिन किसानों की 30 जून तक ईकेवाईसी हो जाएगी 12वी किश्त उन्हीं के खातों में जारी होगी। उप निदेशक कृषि आरपी चौधरी ने बताया कि किसान अपने खाते की ईकेवाईसी तुरंत अपडेट कराए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है।
लापरवाह कर्मचारियों का नहीं होगा वेतन जारी
उप निदेशक कृषि आरपी चौधरी ने बताया कि कृषि विभाग के समस्य विकास अधिकारी, कृषि रखा, प्रावैधिक सहायकों, आत्मा कार्मिकों, तहसील स्तरीय विषय वस्तु विशेषज्ञों का वेतन रोका जाएगा। 30 जून तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।