जानसठ। जानसठ से खतौली मार्ग के गांव मकसूदाबाद के सामने बसायच को जाने वाले रास्ते पर बंद पड़े कोल्हू के पास पुलिस की बाइक सवार दो चोरों के साथ मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग गया।
सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि सोमवार रात जानसठ पुलिस खतौली मार्ग पर मकसूदाबाद के सामने चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि गांव बसायच को जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार दो संदिग्ध युवक 16 नवंबर की रात को गांव तालड़ा के पंचायत घर से चोरी की गई बैटरियों को बाइक पर लेकर कहीं बेचने के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने उनको घेर लिया तो दोनों आरोपी गांव बसायच की ओर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। उसका साथी भाग निकला। घायल आरोपी सादिक मोहल्ला गुलाबनगर, थाना सिविल लाइन रुड़की, उत्तराखंड का मूल निवासी है। वह हाल में कस्बा मीरापुर के मोहल्ला मुश्तर्क में रहता है।
उसके कब्जे से एक तमंचा, चोरी की तीन बैटरी बरामद हुई हैं। उसके खिलाफ थाना जानसठ, मीरापुर, ककरौली, छपार, सिखेड़ा में लगभग सात मुकदमे दर्ज हैं। उसे अस्पताल भेजा है। भागने वाला आरोपी नईम थाना ककरौली क्षेत्र के गांव खेड़ी फिरोजाबाद का मूल निवासी है तथा हाल में वह रुड़की रहता है। उस पर लगभग दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी तलाश की जा रही है।