शहर कोतवाली इलाके की एक युवती की इलाहाबाद में हत्या कर दी गई है। सूत्रों की माने तो शहर कोतवाली पुलिस मामले में इलाहाबाद पुलिस से संपर्क साध रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की युवती का नईमंडी कोतवाली के गांधीनगर निवासी युवक से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब एक माह पूर्व दोनों अपने घरों से फरार हो गए थे। परिजन उसी दिन से दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं।
युवती के परिजनों को सूचना मिली है कि दस दिन पूर्व इलाहाबाद पुलिस को नाले में पड़े ट्रॉली बैग में एक युवती का शव मिला था। गला दबाकर और सिर में चोट मारकर युवती की हत्या करने की बात सामने आ आई थी।
साथ गए युवक के बारे में वहां की पुलिस को कुछ पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने शहर कोतवाली से संपर्क साधा और मामले की जानकारी देकर सहायता की गुहार लगाई।
मामले में परिजनों द्वारा कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराए जाने के चलते पुलिस अपने स्तर से ही इलाहाबाद पुलिस से मामले की जानकारी करने में जुटी हुई है। पुलिस ने युवती के नंबर को सर्विलांस पर लगाया है। आरोपी युवक की तलाश में पुलिस ने उसके घर पर भी दबिश दी है। पुलिस मामले के खुलासे में जुट गई है।