मंसूरपुर क्षेत्र में कार सवार तीन बदमाशों ने नावला कोठी के पास से युवती को अगवा कर लिया। बदमाशों ने युवती को बेहोशी की हालत में हाईवे छोड़कर चले गए। मंगलवार सुबह नईमंडी पुलिस को बदहवास हालत में युवती हाईवे किनारे पड़ी मिली। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है। मेडिकल में युवती से गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। युवती के फुफेरे भाई और उसके बहनोई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उधर, एसपी सिटी ने बताया कि पूरा मामला फर्जी निकल कर आया है।
खतौली क्षेत्र के गांव निवासी युवक रविवार को मेरठ के सरधना क्षेत्र निवासी वर्षीय ममेरी बहन को बाइक से लेकर शामली में अपनी ससुराल गया था। सोमवार रात करीब दस बजे युवक अपने बहनोई के साथ मंसूरपुर थाने पहुंचा। उसने बताया कि हाईवे स्थित नावला कोठी के पास उसकी बाइक में पंक्चर हो गया था।
ममेरी बहन को हाईवे पर ही छोड़कर मंसूरपुर में पंक्चर जुड़वाने आ गया। लौटा तो बहन वहां नहीं मिली। आसपास के लोगों से मालूम हुआ कि कार सवार तीन युवक लड़की का अपहरण कर ले गए। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह नईमंडी पुलिस को युवती हाईवे पर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी सिटी ने बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर देर रात युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मंगल और उसकी बहन रेखा और तीन अज्ञात के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी थी। एसएसपी बबलू कुमार ने मंगलवार रात मंसूरपुर थाने ने पहुंचकर हिरासत में लिए गए मंगल से पूछताछ की। उधर, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के होश में आते ही उससे पूछताछ की गई।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी महिला किसी के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराना चाहती थी। पीड़िता ने ऐसा करने से इंकार कर दिया तो सोमवार को आरोपी बहाने से उसे लेकर आए और रास्ते में उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद, आरोपी उसे मंसूरपुर थाने ले गए और गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया। पुलिस को पहले ही शक था कि युवक मनगढंत कहानी गढ़ रहा है। एसपी सिटी राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात में कार सवार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।