टिटौड़ा में महिला ने फांसी लगाई
खतौली। महिला ने रविवार की रात को मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तहसीलदार से पंचनामा भरवाया। पंचनामा भरने के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृत महिला मानसिक रूप से पीड़ित रहती थी।
पुलिस के मुताबिक गांव टिटौड़ा निवासी मनोज की पत्नी 35 वर्षीया शर्मिष्ठा ने रविवार की रात करीब आठ बजे ससुराल में कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पंखे में शव लटका देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
खबर मिलने पर रात में बहसूमा से मृतका के परिजन भी गांव टिटौड़ा में आ गए थे। रात करीब 10 किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर सीओ डा. राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मायके व ससुरालवालों ने पुलिस को बताया कि शर्मिष्ठा की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। इसलिए उसने खुद ही आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने पुलिस कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
सीओ ने पंचनामा भरवाने के लिए तहसील से तहसीलदार अमित कुमार को गांव में बुलवाया। तहसीलदार ने परिजनों व ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरा। इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।