फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल में नशीले पदार्थ के साथ पकड़ी गई महिला

Wed, 06 Apr 2016 12:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
crime - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। जेल प्रशासन की मुस्तैदी के चलते मिलाई के लिए आई महिला को बंदी रक्षकों ने नशे की गोलियाें और चरस के साथ पकड़ लिया। जेलर की ओर से नई मंडी कोतवाली में महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। आरोपी महिला का पति और बहनोई हत्या के मामले में सजा काट रहे हैं। पुलिस इस छानबीन में जुटी है कि क्या महिला पहले भी इस तरह छुपाकर नशीला पदार्थ ले जा चुकी है।  
विज्ञापन


जिला कारागार में मंगलवार को  मिलाई का काम चल रहा था। छपार के भैंसरहेड़ी निवासी शाहिना पुत्री अनवार अपने बहनोई भोपा के पटौली निवासी अहसान की मिलाई के लिए कारागार पहुंची थी। बाहर चेकिंग कर रही पीएसी की आंखों में धूल झोंककर महिला मेन गेट पर पहुंची। गेट के भीतर जाते ही बंदीरक्षक नीतपाल, राहुल, मुन्नी बेगम और शकुंतला ने उसके बैग की तलाशी करनी चाही तो उसने खाना बताकर तलाशी कराने में आनाकानी की। शक के चलते स्टाफ ने जबरदस्ती तलाशी ली तो बैग खोलने पर उसके भीतर से 450 गोली नशे की और 150 ग्राम चरस निकली। 

नशे का सामान मिलने की सूचना पर जेल अधीक्षक राकेश सिंह मौके पर पहुंचे और नई मंडी पुलिस को बुलवाकर  महिला को पकड़वाया। जेलर सतीश चंद्र त्रिपाठी की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। 
विज्ञापन


उम्रकैद की सजा काट रहे हैं पति, बहनोई
जिला कारागार में नशे के सामान के साथ पकड़ी गई महिला का पति उत्तराखंड के रुड़की कोतवाली के खटका निवासी नफीस पुत्र ताहिर और बहनोई दो अलग-अलग मामलों में 302 के मुजरिम हैं। दोनों उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। दूसरे थानों में भी दोनों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। अहसान जेल में कैंटीन का राइटर है।

नफीस बैरक नंबर पांच में और अहसान बैरक नं. 17ए में बंद है। महिला सप्ताह में दो बार दोनों की मिलाई करने आती थी। इस बार बहनोई से मिलाई करने आई थी।

पीएसी की चेकिंग की पोल खुली
शासन ने एक माह पूर्व प्रदेश की पांच जेलों के बाहर चेकिंग के लिए पीएसी लगाई थी। इसमें जिला कारागार के बाहर भी सीओ स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में पीएसी लगाकर मिलाई करने वालों की चेकिंग करने की ड्यूटी लगाई थी। मंगलवार  जेल में नशे का सामान ले जाती महिला के पकड़ में आने पर पीएसी की चेकिंग की पोल खुल गई है।

पीएसी के सिपाहियों के सामने  से महिला नशे के सामान के साथ निकल गई और उन्हें आभास तक नहीं हुआ। जेल के भीतर जाकर नशे का सामान पकड़े जाने पर मेटल डिटेक्टर के साथ चेकिंग कर रही पीएसी की लापरवाही उजागर हो गई है। यदि चेकिंग में चौकसी नहीं बरती जाती तो तो नशे का सारा सामान बंदियों तक पहुंच जाता। 

मामले की जांच होगी
जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि वह महिला की जेल में मिलाई करने की जांच करेंगे। देखा जाएगा कि वह पहली बार नशे का सामान लाई है या पहले से सामान ला रही थी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें