भौकरहेड़ी कस्बे में सरेआम एक युवक ने अपनी पत्नी के प्रेमी की ईंटों से कुचल कर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए लोगों ने हत्यारोपी को पकड़ कर धुनाई करके पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी के पिता को भी हिरासत में ले लिया। उधर, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना है।
भोपा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मजलिसपुर तौफीर के मजरे नया गांव निवासी ओम सिंह (35) पुत्र बहादुर चौहान करीब दो साल पहले कुुटुंब के ही चंद्रपाल पुत्र रामपाल की पत्नी को बहला फुसलाकर लेकर फरार हो गया था। युवती अपने साथ बेटे आकाश को भी साथ ले गई थी, जबकि बेटी खुशी अपने पिता के पास ही है। युवती मूल रुप से रामराज की निवासी है तथा करीब आठ साल पहले वर्ष 2010 में उसकी शादी चंद्रपाल के साथ हुई थी।
फरार होने के कुछ समय बाद युवती को लेकर ओम सिंह उसके मायके रामराज में ही रहने लगा था। उधर, चंद्रपाल सिंह ने ओम सिंह के खिलाफ उसकी पत्नी को भगा कर ले जाने की शिकायत की थी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। शुक्रवार को ओम सिंह रुपये निकालने के लिए भौकरहेड़ी के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में आया था। बस स्टैंड के पास ही उसे चंद्रपाल अपने एक साथी के साथ मिल गया। चंद्रपाल ने ओम सिंह से अपनी पत्नी को वापस देने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच चंद्रपाल और उसके साथी ने ओम सिंह को दबोच कर नीचे गिरा दिया। चंद्रपाल ने वहां पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। अचानक हुए घटनाक्रम से वहां सनसनी फैल गई। लोगों की भीड़ मौके की ओर दौड़ी, तो चंद्रपाल का साथी फरार हो गया।
लोगों ने हमलावर चंद्रपाल को दबोच लिया तथा धुनाई कर दी। इसी दौरान सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हमलावर को अपने कब्जे में लिया। लोगों के बताने पर पुलिस ने घटनास्थल पर ही मौजूद चंद्रपाल के पिता रामपाल को भी हिरासत में ले लिया।
घायल ओम सिंह को गंभीर अवस्था में पहले सीएचसी मोरना, बाद में जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, मगर रास्ते में ही ओम सिंह की मौत हो गई। भोपा इंस्पेक्टर बीपीएस यादव ने बताया कि हत्या का नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हिरासत में लिए हत्यारोपी से पूछताछ की जा रही है।
मेरा घर बर्बाद कर दिया मारता नहीं तो क्या करता
हत्यारोपी चंद्रपाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि ओम सिंह ने उसके घर को बर्बाद कर दिया। वह दो साल पहले पत्नी और बेटे को लेकर फरार हो गया था। मासूम बेटी खुशी अपनी मां और भाई से मिलने को तरस रही है। कई बार उससे पत्नी और बेटा वापस देने की गुहार लगाई, मगर वह नहीं पसीजा, मारता नहीं तो क्या करता।
दोनों जताते थे युवती पर अपना हक
मोरना। रामराज निवासी युवती को लेकर ओम सिंह और चंद्रपाल के बीच कई साल से घटनाक्रम चल रहा था। दोनों ही उस पर अपनी पत्नी होने का हक जताते थे। दोनों की इस मामले को लेकर भोपा एसओ और सीओ के यहां कई बार चक्कर लगा चुके थे।
पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
मोरना। देर रात मृतक ओम सिंह के भाई सूरजमल की ओर से पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चंद्रपाल उसके भाई विकास और पिता रामपाल के अलावा योगेश व राकेश पुत्रगण महेंद्र के खिलाफ हत्या का नामजद अभियोग पंजीकृत कर लिया।