मुजफ्फरनगर के खतौली में भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की हत्या से पूर्व बाइक सवार शूटर जीटी रोड पर पांच मिनट के लिए दो बैंकों के बीच रुके थे। बैंकों के कैमरों से मिली दो और फुटेज से यह बात तस्दीक हो रही है। हाईवे के होटलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो बदमाशों के आने की तस्वीर कैद हुई है। हत्यारों की पांच मिनट किससे बातचीत हुई, इसका पता लगाने का प्रयास जांच टीमें कर रही हैं। सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा सकी है।
भाजपा नेता की हत्या के खुलासे में लगी पुलिस को होटलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से बाइक पर दो बदमाश आते दिखाई दिए हैं। पुलिस के अनुुसार घटना वाली सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने गंगनहर अलकनंदा होते हुए जीटी रोड से नगर में प्रवेश किया। जीटी रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने से बाइक सवार दोनों बदमाश निकले और केनरा बैंक के पास से पांच मिनट बाद गुजरे, जबकि बाइक पर दोनों बैंकों की दूरी को एक मिनट में पूरा किया जा सकता है। बदमाश पांच मिनट बाद पहुंचे। इसका पता सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की टाइमिंग से चला है। पुलिस को शक है कि बाइक सवार दोनों बदमाशों ने बैंकों के बीच रुककर रास्ते में किसी से बात की होगी। राजा की हत्या के बाद बाइक पर तीन बदमाश भागे। होली चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज में बाइक पर जाते हुए तीनों बदमाशों की तस्वीर कैद है। दोनों बदमाशों ने पांच मिनट रुककर किससे बातचीत की, इसका पता लगाने के लिए सर्विलांस की टीमें जुटी हैं। सात दिन बाद भी हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस खाली हाथ है। हिरासत में लिए गए नामजद आरोपी नगर पालिका चेयरमैन पारस जैन को सातवें दिन भी जेल नहीं भेजा गया।
अब अपराधियों से साठगांठ पड़ेगी भारी
मुजफ्फरनगर। अपराधियों से मिलीभगत रखने वाले पुलिसकर्मियों की सूची तैयार होगी। कप्तान ने विभाग के ऐसे पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को रडार पर लेने की कवायद शुरू कर दी है। इनके अलावा वर्षों से डग्गामारी करने वाले माफिया, शराब माफिया और भूमाफिया पर आने वाला समय भारी पड़ने वाला है। कप्तान ने बैठक कर अधीनस्थों को माफियाओं की सूची तैयार कराने को कहा है।
योगी सरकार में डीजीपी ने माफियों पर नकेल कसने की तैयारी शुुरू कर दी है। सूबे के सभी पुलिस अधीक्षकों को इसके लिए योजना बनाकर काम करने के आदेश किए हैं। सभी की सूची तैयार करने को कहा गया है। डीजीपी के आदेशों को पूरा करने के लिए कप्तान बबलू कुमार ने सोमवार देर रात पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। कप्तान ने विभाग के ऐसे पुलिसकर्मियों को चिन्हित करने के लिए कहा जो अपराधियों से सांठगांठ रखते हैं। जनपद में अवैध वाहनों से डग्गामारी करने वाले, जमीनों पर अवैध कब्जे करने वाले, खनन करने और शराब माफिया को सूचीबद्ध करने को कहा है। अलग-अलग तरीकों से गलत काम करने वाले सभी माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसपी क्राइम आदित्य वर्मा, एलआईयू प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के अलावा सभी सीओ मौजूद रहे।
सर्विलांस का लिया जाएगा सहारा
मुजफ्फरनगर। दागी पुलिसकर्मियों की तह तक जाने के लिए कप्तान ने एलआईयू के अलावा सर्विलांस की टीम को भी लगाया है। ऐसे पुलिसकर्मियों को चिन्हित करने के लिए खुफिया विभाग उनकी कार्यशैली पर निगाह रखेगा और सर्विलांस टीम उनके फोन सुनेगी। इस दौरान जिस पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध मिलेगी, उसकी सूचना तुरंत कप्तान को दी जाएगी। कप्तान का कहना है कि ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। दागी पुलिसकर्मियों की सूची शासन को भेजी जाएगी।