मंसूरपुर ऑनरकिलिंग मामले में पुलिस बहुत कुछ छिपाने का प्रयास कर रही है। यही नहीं आंचल की हत्या को खतौली क्षेत्र का बताकर पुलिस मामले से पल्ला झाड़ने का प्रयास कर रही है। उसकी हत्या में शामिल रहे बड़े भाई कपिल का नाम भी पुलिस ने छुपा दिया है। घटना के दिन से ही कपिल का कुछ अता-पता नहीं है। आंचल का शव भी अभी तक पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि आंचल की हत्या हुई या नहीं।
मंसूरपुर में बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज कृष्ण ने दोस्त काजू के साथ मिलकर बहन आंचल और उसके प्रेमी अरुण की हत्या कर उनके शव गंगनहर में फेंकने की बात पुलिस के सामने कबूली थी। पुलिस ने मेरठ के सलावा से अरुण का शव बरामद किया था। दोनों के अनुसार दस अप्रैल को अरुण और 12 को आंचल की हत्या की गई थी। सवाल यह है कि जब अरुण का शव मिल गया है, तो अभी तक आंचल का शव क्यों नहीं मिल रहा है। सवाल यह है कि आंचल की हत्या हुई है या फिर वह जिंदा है।
पुलिस ने आंचल के बड़े भाई कपिल का नाम भी छुपा लिया। आरोपियों को जेल भेजते समय कपिल के नाम का जिक्र नहीं किया गया। घटना के बाद से ही कपिल फरार चल रहा है। उधर, मृतक अरुण के पिता सतीश का कहना है कि उसके बेटे की हत्या करने में तीसरा आरोपी भी शामिल था। पुलिस ने आंचल के बड़े भाई कपिल को बचा रही है। हत्या के षड्यंत्र में कई लोग शामिल हैं। सतीश का कहना है कि आरोपी कृष्ण व काजू को उन्होंने ही कचहरी से पकड़कर पुलिस को दिया था।
हत्याकांड का खुलासा होने से पूर्व ही ये दोनों कचहरी में सरेंडर करने के प्रयास में वकील से सलाह मशविरा करने गए थे। मृतक अरुण के परिजनों ने घर पहुंचे विधायक विक्रम सैनी से कहा की आंचल की हत्या का सच सामने लाने की मांग की थी।
उधर, मंसूरपुर पुलिस आंचल के लापता होने का मामला खतौली पुलिस के पाले में डालने का प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर सुभाष सिंह का कहना है कि आंचल का बड़ा भाई कपिल लापता है, जिसको तलाश किया जा रहा है। जल्द ही पूरा घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
अरुण के परिवार से मिले विधायक, ऑनरकिलिंग के मामले में न्याय दिलाने का दिया आश्वासन
मंसूरपुर। ऑनरकिलिंग के मामले में भाजपा विधायक विक्रम सैनी मृतक अरुण के परिवार से मिले। मृतक के पिता का कहना था है कि बेटे की हत्या करने में अन्य लोगों का भी हाथ है। उन्होंने विधायक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की। विधायक ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
भाजपा विधायक विक्रम सैनी सोमवार को मंसूरपुर में मृतक अरुण के परिजनों से मिलने पहुंचे। विधायक ने पीड़ित परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। मृतक के पिता सतीश वाल्मीकि ने बताया कि उसके बेटे की हत्या करने में अन्य लोगों की भी साजिश है। उन्होंने साजिश में शामिल आरोपियों को भी गिरफ्तार कराने की मांग की। इस दौरान भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर पांचाल, वीरसिंह, ओमपाल सिंह वाजिवान, प्रमोद कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।