मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत चुनाव पहले दो चरणों में शांतिपूर्वक संपन्न हो गए हैं। जिला प्रशासन के लिए तीसरे और चौथे चरण का चुनाव कराना सबसे बड़ी चुनौती है। इन्हीं चरणों में दंगा प्रभावित क्षेत्र भी आ रहे हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन संवेदनशीलता को देखते हुए पहले अर्ध सैनिक बलों का फ्लैग मार्च इन क्षेत्रों में करा रहा है।
17 अक्तूबर को तीसरे चरण में चरथावल और बघरा ब्लाक में चुनाव होना है। इसके बाद चौथे और अंतिम चरण में शाहपुर और बुढ़ाना ब्लाक को रखा गया है। इन दोनों चरणों को जिले में सबसे संवेदनशील माना जाता है। चारों ब्लाकों का यह वही इलाका है, जो दंगे से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा।
यहां धार्मिक और जातीय आधार पर तनाव हमेशा रहा है। इस बार पुलिस प्रशासन के लिए सांप्रदायिकता सबसे बड़ी चुनौती है। बघरा ब्लाक में कई गांवों में गुटबाजी के चलते भी तनाव की स्थिति बनी है। शाहपुर, बुढ़ाना ब्लाक के दंगा प्रभावित गांवों में शांतिपूर्ण मतदान कराना जिला प्रशासन के लिए आसान नहीं है।
क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही फ्लैग मार्च कराना शुरू कर दिया है। यह मार्च उन सब गांवों में कराया जा रहा है, जो धार्मिक और जातीय आधार पर तनावपूर्ण माने जाते हैं। डीएम निखिलचंद्र शुक्ला का दावा है कि चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन लगा है।
18 वार्डों का चुनाव बाकी
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत के 18 वार्डों का चुनाव अभी बाकी है। इसमें नौ वार्ड तीसरे और नौ वार्ड चौथे चरण में शामिल हैं। जिला पंचायत का चुनाव बीजेपी, बसपा और सपा समर्थन देकर लड़वा रही है।
चर्चित प्रत्याशी मैदान में
मुजफ्फरनगर। दंगे प्रभावित क्षेत्र से भाजपा नेता नितिन मलिक की पत्नी जिला पंचायत चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक से है।
शाहपुर में दंगे के बाद चर्चाओं में रहे राजीव प्रताप सैनी भी जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के करीबी हैं। दोनों ही प्रत्याशी भाजपा के समर्थन से मैदान में हैं।
अर्द्ध सैनिक बल ने किया फ्लैग मार्च
तितावी। पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को क्षेत्र में मतदान होना है। प्रशासन ने मतदान के लिए पूरी तरह से कमर कस ली है। बुधवार को सीओ बुढ़ाना सत्यप्रकाश, सीओ फुगाना इंसपेक्टर सिंह और एसओ भौराकलां विक्रम सिंह के नेतृत्व में अर्द्धसैनिक बल को साथ लेकर बघरा में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान मेन रोड, बाजार और कई मोहल्लों से फ्लैग मार्च निकाला गया।