फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक लॉकरों में मिली करोड़ों की एफडी, आठ लाख कैश

Thu, 19 Apr 2018 12:20 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
एसएसपी की ससुराल में तैनात पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच के घेरे में आए मुजफ्फरपुर के पूर्व एसएसपी विवेक कुमार की ससुराल में एसयूवी को करोड़ों रुपयों की एफडी के पेपर मिले हैं। पिछले तीन दिनों से स्पेशल यूनिट विजिलेंस की टीम शहर में डेरा डाले हुए है। जांच अधिकारियों ने आईपीएस के रिश्तेदारों के बैंक लॉकरों की जांच की। सूत्रों के मुताबिक बैंकों में बड़ी रकम और गहने भी मिले हैं। टीम का सर्च अभियान अभी जारी है। 
विज्ञापन


बिहार कैडर के वर्ष 2007 बैंच के आईपीएस विवेक कुमार की शहर के आर्यपुरी में ससुराल है। एसयूवी की जांच कार्रवाई मंगलवार की पूरी रात चलती रही। कागजों और दस्तावेजों की जांच के बाद एसयूवी के अफसरों को अहम जानकारी मिली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसयूवी की टीम ने शहर के बैंकों में ससुराल पक्ष के दो लॉकरों को खंगाला।

जांच के दौरान बैंक लॉकरों में 10.85 करोड़ की एफडी के पेपर मिले है। इसके अलावा भूमि खरीद के दस्तावेज तथा आठ लाख रुपये नकद और करीब 17 लाख के गहने मिलने की जानकारी है। स्पेशल यूनिट विजिलेंस के आईजी रतन संजय को टीम में शामिल अफसरों ने जांच में मिली नकदी, एफडी पेपर, जेवरात और अन्य संपत्ति के दस्तावेजों की जानकारी दे दी है। आईपीएस विवेक के ससुर वेदप्रकाश कर्णवाल के अलावा परिजनों के खातों की भी जांच की गई है।
विज्ञापन


ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों को भी एसयूवी ने जांच के घेरे में ले लिया है। सोमवार को एसयूवी की टीम ने आर्यपुरी में छापा डाला था, मगर ससुराल के लोग दिल्ली में होने की वजह से जांच शुरू नहीं हो पाई थी। 30 घंटे बाद ससुर कर्णवाल के आने के बाद एसयूवी टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। मंगलवार की रात 12 घंटे तक दस्तावेजों की जांच की गई। एसयूवी के अफसरों ने आईपीएस के सभी रिश्तेदारों से पूछताछ की। सिविल लाइन क्षेत्र में रिश्तेदारों के यहां सर्च अभियान जारी है। 

सहारनपुर के मूल निवासी आईपीएस विवेक कुमार के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति मामले में तीन ठिकानों पर एक साथ छापे की कार्रवाई की गई थी। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित आईपीएस के सरकारी आवास के अलावा सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में अलग-अलग टीमों ने छापा मारा।

अभी तक जांच में सबसे अधिक संपत्ति के दस्तावेज और नकदी आईपीएस विवेक की ससुराल में मिली है। एसयूवी की जांच टीम में दो आईपीएस और एक महिला डीएसपी लगी हुई हैं। शहर कोतवाली पुलिस फोर्स अभी भी आर्यपुरी के आवास पर तैनात है। किसी भी अंजान व्यक्ति को निलंबित आईपीएस की ससुराल के घर में जाने की अनुमति नहीं है। एसयूवी की कार्रवाई से ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों में भी खलबली मची हुई है। 

जांच कार्रवाई से अनभिज्ञ पुलिस प्रशासन  
मुजफ्फरनगर। एसयूवी को जांच में मिली संपत्ति के दस्तावेजों, नकदी, जेवरात आदि की जानकारी से पुलिस प्रशासन के अफसर अनभिज्ञ है। स्पेशल यूनिट विजिलेंस के आईजी रतन संजय पटना में मौजूद है। वहीं से उन्हीं के निर्देश पर पूरी टीम काम कर रही है। पूरे सर्च अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें