शहर कोतवाली और सिखेड़ा पुलिस ने मंगलवार शाम रोहाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश विकास जाट को ढेर कर दिया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। मुठभेड़ में एक दरोगा और एक कांस्टेबल भी घायल हुए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि मारा गया बदमाश विकास जाट विगत दिनों मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के गांव सोहरका में हुए डबल मर्डर में वांछित चल रहा था।
सिटी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवाल ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस और सिखेड़ा एसओ मनोज चौधरी वांछित अभियुक्तों की तलाश में रोहाना क्षेत्र में दबिश में थे। तभी सूचना मिली कि बाइक सवार दो शातिर बदमाश शहर की ओर से रोहाना आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।
एस्सार पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस पर फायरिंग कर बाइक मोड़ कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। दोनों बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए बाइक छोड़कर जंगल में भागे। बदमाशों की गोली से एसआई विनय शर्मा और कांस्टेबल अमित घायल हो गए।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा खेत में घुसकर फरार हो गया। घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बदमाश के पास से बाइक के अलावा .32 बोर के दो पिस्टल और कारतूस भी बरामद हुए।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि मृतक बदमाश की शिनाख्त विकास जाट पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई, जो मूल रुप से शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव बड़ी माजरा का निवासी था। वर्तमान में यहां शहर कोतवाली क्षेत्र में बुढ़ाना मोड़ स्थित खांजापुर गांव में रहता था। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक बदमाश 50 हजार का इनामी था।
यह मेरठ में गत 24 जनवरी को परतापुर थाना क्षेत्र के गांव सोहरका में हुए मां-बेटे के डबल मर्डर की घटना में वांछित था। मृतक बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोहरका के भोलू उर्फ बलविंदर और उसकी मां निछत्तर कौर की दिनदहाड़े हत्या कर दी थी। यह घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी वीडियो में कैद हो गई थी, लाइव हत्या से प्रदेश में हड़कंप मच गया था। आईजी मेरठ जोन की ओर से विकास पर 50 हजार का इनाम घोषित था।