मुजफ्फरनगर के शाहपुर पुलिस ने तावली के जंगल से शातिर गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार तमंचे, 10 कारतूस के अलावा दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पकड़े गए बदमाश विक्की त्यागी गैंग के शातिर बदमाश बताए गए हैं, जो विक्की के बाद अब गैंग की बागडोर संभालने वाले विनोद उर्फ काला के साथ काम करते हैं।
शाहपुर इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने बताया कि रात में पुलिस गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि कुछ बदमाश तावली के जंगल में छिपे हैं। सूचना पर पुलिस ने तावली के जंगल में एक ट्यूबवेल को चारों ओर से घेरकर लूट की योजना बनाते चार बदमाशों को दबोच लिया। जिनके पास से चार 315 बोर के तमंचे, 10 जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल मिली। पकड़े गए बदमाशों में हरियाणा के सोनीपत जनपद के थाना मुरथल के गांव जैनपुर निवासी अरुण पुत्र सुरेश त्यागी, योगेश उर्फ मोनू पुत्र दिलबाग निवासी बखतापुर सोनीपत, मंसूरपुर के गांव सोहजनी तगान निवासी भूषण पुत्र गोपाल त्यागी और गुड्डू पुत्र ऋषिपाल हैं।
भूषण पर मेरठ में 307 सहित दो मुकदमे और योगेश पर थाना मुरथल में लूट, बलवा, 307, रोड जाम के मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि विक्की त्यागी की मौत के बाद विनोद उर्फ काला को गैंग की पगड़ी बांधी गई थी। अब वे उसी की देखरेख में काम करते हैं। विक्की की मौत के बाद अरुण और भूषण जेल में मीनू त्यागी से भी मिले थे। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों को जेल भेज दिया है। एसएसपी अनंतदेव ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।