घटना के बारे में जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के गांव बसेड़ी में एक युवक ने अपनी पत्नी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने तीनों बच्चों को लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला डोली की शादी 12 वर्ष पहले मोनू से हुई थी। पति की मौत हो जाने पर करीब नौ वर्ष पहले उसकी शादी उसके देवर पप्पू से हो गई थी। जिनके दो लड़की व एक लड़का है।
मृतक महिला के हिस्से में 27 बीघा जमीन है। इतनी ही जमीन आरोपी के हिस्से में है। आरोपी ने दो बीघा जमीन बेच दी। वह दो बीघा जमीन और बेचने के लिए अपनी पत्नी डोली पर दबाव बना रहा था। वहीं पत्नी जमीन बेचने से इनकार कर रही थी। इसी को लेकर लेकर दोनों में कई दिनों से विवाद चल रहा था।
वहीं मंगलवार सुबह पप्पू ने अपनी पत्नी डोली के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी हत्या करने के बाद अपने तीनों बच्चों को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक महिला के पिता ओमबीर निवासी गांव जीवना थाना मंसूरपुर की तहरीर पर हत्या करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सदर हेमंत कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं।