युवक की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शहर की जिस कॉलोनी में बदमाशों ने खुद को घिरता देख युवक की हत्या की है, इसी कॉलोनी में शुक्रवार रात बदमाशों ने एक घर में डकैती डाली थी और दो अन्य मकानों में भी वारदात का प्रयास किया था। पुलिस ने डकैती को चोरी में दर्ज कर अपनी ड्यूटी पूरी कर ली। अगर पुलिस संजीदगी दिखाती तो शायद युवक की हत्या नहीं होती। पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
शहर कोतवाली के रहमानिया कॉलोनी में देर रात बदमाशों ने गोली मारकर युवक की हत्या कर दी। इसी कॉलोनी में शुक्रवार रात बदमाशों ने हथियारों के बल पर हनीफ के घर में उसकी पुत्रवधू और बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर लाखों की डकैती डाली थी। इसके बाद गली के ही वसीम और शुबराती के घरों में भी लूट का प्रयास किया गया था, लेकिन जाग हो जाने पर बदमाश भाग गए थे।
पुलिस ने हनीफ की तहरीर पर मामले को चोरी में दर्ज कर अपनी ड्यूटी पूरी कर दी थी। पुलिस की लापरवाही देखिए उस दिन के बाद पुलिस ने मौके पर जाना और गश्त बढ़ाना भी गंवारा नहीं समझा। सीओ सिटी और शहर कोतवाल ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस की लापरवाही का नतीजा रहा कि एक निर्दोष बदमाशों का शिकार हो गया।
मेरठ से चोरी की गई थी वैगनआर
मुजफ्फरनगर। रहमानिया कॉलोनी में बदमाशों द्वारा युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मौके से एक वैगनआर कार बरामद की है। बदमाश इसी कार में सवार होकर आए थे और हत्या करने के बाद पैदल ही भाग निकले। पुलिस कार की छानबीन में जुटी है। पुलिस के अनुसार कार को मेरठ के सिविल लाइन इलाके से चोरी किया गया था। कार के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
15 दिन बाद थी मृतक की शादी
मुजफ्फरनगर। पुलिस घटना को गली में होना बता रही है तो वहीं दूसरी ओर मोहल्ले के लोग बंद मकान के अंदर गोली मारने की बात कह रहे हैं। बदमाशों द्वारा मारे गए युवक अरशद की 15 दिन बाद शादी होने वाली थी। उसकी मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।