सराफ की दुकान पर चार युवक चार तोले सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गए। सराफ के शोर मचाने पर दुकानदारों ने युवकों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस भी दौड़ी। युवक हत्थे नहीं चढ़ सके।
मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी सीताराम पुत्र नरेश वर्मा मोहल्ला बेरियान में सराफ की दुकान करता है। चार युवक दुकान पर शादी के लिए जेवर खरीदने के लिए पहुंचे। जब सराफ ने उन्हें सोने के जेवर दिखाए तो उनमें से एक युवक ने पानी पिलाने को कहा। जब सीताराम पानी भरकर देने लगा तो, उन्होंने चार तोले सोने के जेवर साफ कर दिए।
इसके बाद इन युवकों ने डिजाइन पसंद नहीं आने का बहाना बनाया और चोरी के जेवर लेकर निकल गए। युवकों के जाने के बाद सर्राफ ने जेवर चेक किए तो उनके से चार तोले सोने के जेवर कम निकले। उसने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
आसपास के दुकानदारों ने युवकों को काफी तलाश किया, लेकिन तब तक युवक फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी युवकों को तलाश किया। पुलिस को भी इन युवकों का कहीं पता नहीं चल सका है। पुलिस को तहरीर दे दी है।
उधर, मुजफ्फरनगर में सुजडू निवासी कासिम ने शहर कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि उसकी बाइक मकान के बाहर खड़ी थी, जिसे किसी ने चोरी कर लिया।
बैंक के बाहर से बाइक चोरी ः पुरकाजी। गांव धमात निवासी किसान सुधीर अपनी बाइक से जीटी रोड स्थित एक बैंक में किसी कार्य से आया था। किसान ने बाइक बैंक के बाहर खड़ी कर दी। कुछ समय बाद ही वह बाहर आया तो बाइक गायब मिली। पुलिस ने बाईक चोर की तलाश की, मगर कोई पता नहीं चला। इससे पूर्व भी कई बाईके चोरी हो चुकी हैं।