शाहपुर। सोरम के जंगल में युवक का क्षत विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने गैर समुदाय के दो युवकों पर उसकी हत्या का आरोप लगाने से माहौल गर्मा गया।
अफसर और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। परिजनों की तहरीर पर गैर समुदाय के दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। तनावपूर्ण हालात देख गांव में पीएसी बुला ली गई है।
शाहपुर थानाक्षेत्र केे सोरम गांव के जंगल में बुधवार शाम करीब छह बजे एक युवक का क्षत विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। लाश के कंधे से छाती के बीच का हिस्सा क्षत विक्षत था। संभावना जताई गई कि लाश को किसी जानवर ने खाया है।
इस दौरान पहुंचे एक राजमिस्त्री ने शव की शिनाख्त सोरम गांव निवासी यामीन (23) पुत्र कमरुद्दीन के रुप में की। उसने बताया कि यामीन उसके पास मजदूरी करता था। पुलिस ने उनका मोबाइल नंबर लेकर फोन पर यामीन की मां नूरजहां से बात की।
नूरजहां ने बताया कि गांव के सौरभ और मोनू से यामीन का कई बातों को लेकर झगड़ा रहता था। मंगलवार सुबह दस बजे सौरभ उनके घर आया और यामीन को बुलाकर ले गया था। नूरजहां ने सौरभ और उसके दोस्त मोनू पर ही यामीन की हत्या करने का आरोप लाया।
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से पुलिस प्रशासन को भी पसीने आ गए। स्थानीय पुलिस ने आला अफसरों को पूरी घटना से अवगत कराया। एसडीएम बुढ़ाना ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा, सीओ फुगाना इंस्पेक्टर सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।
तनाव के मद्देनजर गांव में पीएसी भी लगेा दी गई। मृतक के परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। परिजनों की तहरीर पर मोनू और सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ एसपी शर्मा ने बताया कि आपसी झगड़े के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या कैसे की गई, इसकी छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। गांव में तनाव नहीं है।