चरथावल में सड़क पर दस रुपये का नोट डालकर लड़कियों की वीडियो बनाने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। हमलावरों ने मकानों की छत पर चढ़कर जमकर पथराव किया। त्योहार के दिन गांव में हुए संघर्ष से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। मारपीट में दोनों पक्षों की तरफ से दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए।
ईद पर कुटेसरा में बस स्टैंड के पास अलग-अलग बिरादरी के युवकों में लड़की से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि एक पक्ष का युवक सड़क पर दस रुपये का नोट डाल रहा था। वहां से गुजरने वाली लड़की नोट उठाती तो उसकी वीडियो बनाने लगता था। जिस का दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इस बात पर युवकों में कहासुनी हो गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
एक पक्ष के लोगों ने मकानों की छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया, जबकि दूसरे पक्ष के हमलावरों ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष से नफीस, जरीफ, कय्यूम और महिला मेहताब घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से शाइस्ता, चाटू पुत्र असगर और मेहताब घायल हो गए। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और मामले को शांत कराया। एसएचओ कमल सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है। किसी भी पक्ष ने कोतवाली में तहरीर नहीं दी है।