मुजफ्फरनगर। बाईपास पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को नई मंडी कोतवाली पुलिस ने क्राइम ब्रांच की सहायता से पकड़ कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने बाईपास पर लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। उनके पास से पुलिस ने नगदी, एक कार, एक बाइक और चार तमंचे भी बरामद किए हैं।
नई मंडी कोतवाली में एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने चार लुटेरों को मीडिया के सामने पेश करते हुए बताया कि शनिवार को पुलिस द्वारा कराई जा रही चेकिंग में बागोवाली बाईपास के पास से चार लुटेरे गिरफ्तार किए गए। इन्होंने गत माह 25 अक्तूबर को बागोवाली निवासी इश्तयाक से उस समय डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे, जब वह बहन की शादी के लिए सामान लेने शहर आ रहा था। 28 अक्तूबर की शाम देवबंद के झबीरन और हाल निवासी सुजडू के शाकिर सेे एटू जेड रोड पर उसकी बाइक और सात हजार रुपये लूट लिए थे। पकड़े गए आरोपी कलीम पुत्र फारुख निवासी अंती थाना खतौली, इस्तयाक पुत्र अब्बास, शकील पुत्र मुस्तफा दोनों निवासी सिवालखास थाना जानी मेरठ और नसीम पुत्र रुमालुद्दीन निवासी महमूदनगर थाना सिविल लाइन हैं।
आरोपियों के पास से पुलिस को लूटी गई रकम में से 55 हजार की नगदी, घटना में प्रयुक्त कार, एक बाइक, चार तमंचे 315 बोर और चार कारतूस जिंदा मिले हैं। कैश लूट की मुखबिरी आरोपी नसीम ने की थी। चारों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। इन्होंने अन्य जनपदों में भी लूट की घटनाओं को अंजाम दे रखा है। गिरफ्तारी में नई मंडी कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल का सहयोग रहा। आरोपियों को पकड़ने पर एसएसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।