गांव में पहुंची पुलिस का घेराव करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रतनपुरी क्षेत्र के एक गांव में युवक ने पांच साल की बच्ची के साथ जंगल में दुराचार किया। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस का घेराव किया। बच्ची को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है।
क्षेत्र के गांव निवासी 20 वर्षीय युवक गांव की रहने वाली पांच साल की बच्ची को बहका फुसलाकर जंगल में ले गया। आरोपी ने गन्ने के खेत में बच्ची के साथ दुराचार किया। बच्ची के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे किसान मौके की तरफ दौड़े। किसानों को आता देख आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ईंख के खेत के अंदर से बच्ची को लहूलुुहान हालत में उठाया। इस घटना को लेकर परिजनों सहित ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस का घेराव किया। पुलिस ने ग्रामीणों को बमुश्किल शांत किया। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और ग्रामीण आरोपी को तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने को कई स्थानों पर दबिश भी दी। लेकिन आरोपी का कहीं पता नहीं चल सका।
बच्ची की हालत गंभीर, मेरठ के लिए रेफर किया
खतौली। पांच साल की बच्ची के साथ दुराचार के मामले की सूचना पर एसपी देहात विनीत भटनागर ने गांव में पहुंच कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। एसपी देहात ने ग्रामीणों से भी घटना के बारे में जानकारी ली। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है।
अभी तक पीड़िता बच्ची के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर दिए जाने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 376 के अलावा 3/4 पॉक्सो एक्ट की संगीन धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर है। चिकित्सकों ने उसको मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।