फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विद्युत निगम का लिपिक 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा 

Tue, 06 Mar 2018 10:59 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
रिश्वत लेते पकड़े गए लिपिक से पूछताछ करती एंटी करेप्शन विभाग की टीम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खतौली में मेरठ की एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार को अधिशासी अभियंता विद्युत कार्यालय के लिपिक आनंदपाल को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार लिया है। उसकी शिकायत चंदसीना गांव के मेहराज ने एंटी करप्शन से की थी। 
विज्ञापन


गांव चंदसीना निवासी मेहराज पुत्र अकबर ने बताया कि उसका भाई समद मोहल्ला सराफान में रहता है। 19 फरवरी को विद्युत निगम की टीम ने समद के मकान पर छापा मारा था। उसके भाई ने अपने मकान में जेनरेटर का कनेक्शन ले रखा था। टीम ने जेनरेटर के कनेक्शन को अवैध बिजली कनेक्शन बताते हुए 695 वाट का लोड अपनी बुक में भर लिया था।

जेई निरंजन गुप्ता ने उसके भाई पर 71,900 रुपये का जुर्माना बताया था। इस संबंध में वह एक्सईएन कार्यालय में लिपिक आनंदपाल से मिला और जुर्माना कम करने के लिए बातचीत की। आनंद पाल ने जुर्माना कम करते हुए 37 हजार रुपये देना बताया था। आरोप है कि लिपिक को उस वक्त उसने 15 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे।
विज्ञापन


तब लिपिक ने कहा था कि उनको रिश्वत देनी पड़ेगी, तब ही 15 हजार रुपये की जुर्माने की रसीद काटी जाएगी। लिपिक ने 15 हजार रुपये लेकर अपने पास रख लिए थे। लिपिक ने उसे होली के बाद आने के लिए कहा था। मेहराज ने बताया कि पांच मार्च को वह मेरठ के एंटी करप्शन ब्यूरो में पहुंचा और लिपिक द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की।

शिकायत पर मंगलवार की सुबह नौ बजे मेरठ की एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर जेके तोमर, केके शर्मा, विजयवीर सिंह, केके सिंह आदि टीम समेत एक्सईएन कार्यालय के बाहर खड़े हो गए। इसके बाद करीब 11 बजे कार्यालय में टीम ने मेहराज से रिश्वत लेते समय लिपिक आनंदपाल को पकड़ लिया। तलाशी में लिपिक की जेब में रिश्वत के 22 हजार रुपये बरामद हुए। मेहराज और लिपिक आनंदपाल के हाथ धोए गए तो दोनों के हाथों का रंग गुलाबी हो गया, जिससे माना गया कि बरामद पैसा रिश्वत का ही था। 

मेहराज से 15 हजार  की पहले रिश्वत ली 
इंस्पेक्टर जेके तोमर ने बताया कि मेहराज ने पांच मार्च को मेरठ एंटी करप्शन में आकर शिकायत की थी कि लिपिक आनंदपाल उससे रिश्वत मांग रहा है। बताया था कि 15 हजार रुपये लिपिक ने रिश्वत ले ली है। शिकायत पर टीम ने लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी लिपिक के विरुद्ध खतौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। टीम उसे कोर्ट में पेश करेगी। 

एक्सईएन दफ्तर में मची खलबली
लिपिक आनंदपाल को रिश्वत लेते पकड़े जाने की जानकारी लगते ही एक्सईएन कार्यालय में खलबली मच गई। स्टाफ और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। मामला बिगड़ न जाए, इसलिए एंटी करप्शन टीम लिपिक को थाने ले गई। लिपिक को देखने के लिए थाने में भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर अंबिका भारद्वाज ने बताया कि लिपिक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

पत्नी को जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ाया था 
लिपिक आनंदपाल थाना सिखेड़ा के गांव नंगला मुबारिक का रहने वाला है। एक्सईएन कार्यालय में लिपिक पद की नौकरी करने वाले आनंद ने 2015 में वार्ड 33 से अपनी पत्नी प्रतिभा को जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ाया था। मजबूती से चुनाव लड़ने के बावजूद वह चुनाव में हार गई थीं। 

मेहराज लगाता था विद्युत मीटर 
गांव चंदसीना निवासी शिकायतकर्ता मेहराज दो वर्ष पूर्व ऊर्जा निगम में ठेकेदार के अधीन प्राइवेट नौकरी पर विद्युत मीटर लगाता था। मेहराज को ठेकेदार ने काफी दिन पूर्व किसी कारणवश नौकरी से हटा दिया था, इसलिए उसे विद्युत महकमे की पूरी जानकारी थी। 

16,200 की रसीद काटी 
मेहराज ने बताया कि लिपिक आनंदपाल ने अपने कार्यालय में 22 हजार रुपये की रिश्वत लेकर 16, 200 रुपये की जुर्माने की रसीद भी काटकर दी थी। रसीद लेते ही एंटी करप्शन टीम ने कार्यालय में घुसकर लिपिक को पकड़ लिया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें